अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार (12 दिसंबर 2025) को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की. दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत पुतिन के आवास पर ड्रोन हमले के आरोपों के बाद हुई है. रूस ने आरोप लगाया है कि यूक्रेन ने पुतिन के सरकारी घर पर ड्रोन से हमला करने की कोशिश की, जबकि जेलेंस्की ने मॉस्कों को आरोपों को मनगढ़ंत बताया. व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लीविट ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने यूक्रेन को लेकर में राष्ट्रपति पुतिन के साथ एक सकारात्मक बातचीत की है.’
‘अच्छा हुआ हमने जेलेंस्की को टॉमहॉक मिसाइलें नहीं दीं’
RT न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इस बातचीत में हालिया सुरक्षा घटनाक्रमों पर भी चर्चा हुई. पुतिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति के आवास पर हमले को लेकर ट्रंप स्तब्ध और गुस्से में थे. बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, ‘भगवान का शुक्र है कि हमने जेलेंस्की को टॉमहॉक मिसाइलें नहीं दीं.’ उशाकोव के अनुसार ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ने इस तरह की पागलपन भरी कार्रवाई की कल्पना नहीं की थी. 24 घंटों के भीतर दोनों नेताओं के बीच फोन पर दूसरी बार बातचीत हुई थी.
‘यूक्रेन ने रूस के राष्ट्रपति आवास को निशाना बनाया’
जेलेंस्की के साथ बैठक से पहले ट्रंप ने कहा था कि मॉस्को शांति को लेकर गंभीर है. उन्होंने कहा कि यूक्रेन पर रूस के हमलों को समाप्त करने के लिए जो समझौता हुआ है हम उसके बहुत करीब हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए राजनयिक प्रयास अंतिम चरण में हैं. हालांकि इस बीच रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि 28 दिसंबर की रात यूक्रेन ने 91 लंबी दूरी के ड्रोन के जरिए रूसी राष्ट्रपति के सरकारी आवास को निशाना बनाया, लेकिन एयर डिफेंस सिस्टम ने सभी ड्रोन को मार गिराया.
शांति समझौते को लेकर क्या बोले पुतिन?
रूस ने इसे प्रायोजित आतंकवाद बताते हुए धमकी दी कि मॉस्को इसका जवाब देगा, जिसके बाद दोनों देशों के बीच शांति कायम होने पर ग्रहण लगता नजर आ रहा है. यूरी उशाकोव ने कहा, ‘ट्रंप से बातचीत में पुतिन ने यूक्रेन में स्थाई शांति के लिए अमेरिका के साथ सहयोग की बात दोहराई है. उन्होंने (पुतिन) साफ किया कि राष्ट्रपति आवास पर हमला और कीव की ओर से प्रायोजित आतंकवाद को अनदेखा नहीं किया जा सकता है. मॉस्को कई मुद्दों पर अपना रुख बदलेगा.’
कीव पर हमला करने का बहाना खोज रहा मॉस्को: जेलेंस्की
पुतिन के सहयोगी बताया, ‘मौजूदा हालात को देखते हुए पहले किए गए कई समझौतों और लंबित समाधानों पर रूस के रुख की समीक्षा की जाएगी. अमेरिका को इन चीजों को समझना चाहिए.’ यूक्रेन के नेता वोलोडिमिर जेलेंस्की ने पुतिन के सरकारी आवास पर हमले का खंडन किया. उन्होंने कहा, ‘शांति को लेकर अमेरिका और यूक्रेन की ओर से की गई कोशिशों को रूस खतरे में डालना चाहता है. वे कीव में सरकारी आवास पर हमला करने के लिए सिर्फ एक बहाना तलाश रहे हैं.’
फ्लोरिडा में रविवार (28 दिसंबर 2025) को डोनाल्ड ट्रंप और जेलेंस्की की मुलाकात पर दुनिया की नजर टिकी हुई थी. बैठक के बाद दोनों नेताओं ने घोषणा की थी कि रूस-यूक्रेन के बीच शांति समझौता 90 फीसदी तक पूरा हो चुका है. समझौते में सबसे बड़ा विवाद डोनबास क्षेत्र को लेकर है. रूस इसे अपना हिस्सा मानता है, जबकि यूक्रेन अपनी जमीन छोड़ने को तैयार नहीं है.
जेलेंस्की ने बैठक के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति का धन्यवाद किया और कहा कि प्रस्तावित शांति ढांचे के सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई. जेलेंस्की ने कहा, “स्थायी शांति पाने के लिए सुरक्षा गारंटी मुख्य पड़ाव हैं.