अमेरिका ने 50 देशों के लिए वीजा बॉन्ड अनिवार्य कर दिया है, जो 2 अप्रैल 2026 से लागू होगा. अमेरिकी विदेश विभाग ने बुधवार (18 मार्च 2026) को बताया कि नागरिकों को B1 (बिजनेस) और B2 (टूरिस्ट) वीजा लेने से पहले 15,000 डॉलर का बॉन्ड जमा करना होगा. यह बॉन्ड उन वीजा धारकों को वापस कर दिया जाएगा जो वीजा की शर्तों का पालन करते हैं और समय पर अमेरिका से लौट जाते हैं या फिर यात्रा ही नहीं करते.
ट्रंप प्रशासन ने क्यों उठाया ये कदम?
ट्रंप प्रशासन के इस कदम का उद्देश्य अवैध रूप से वीजा अवधि से अधिक ठहरने (ओवरस्टे) को कम करना है. अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इस कार्यक्रम के तहत अब तक लगभग एक हजार विदेशियों को वीजा जारी किया गया है, जिनमें से 97 फीसदी लोग समय पर अपने देश लौट गए. इसके उलट पिछली सरकार के अंतिम साल में इस योजना के अंतर्गत आने वाले 50 देशों के 44 हजार से अधिक लोग वीजा अवधि से अधिक समय तक अमेरिका में रुके थे.
इन देशों के नाम जोड़े गए
अगर व्यक्ति वीजा की शर्तों का पालन करते हुए समय पर अपने देश लौट आता है तो यह पैसा वापस कर दिया जाएगा. दो अप्रैल से इस नीति के तहत 12 नए देश, कंबोडिया, इथियोपिया, जॉर्जिया, ग्रेनेडा, लेसोथो, मॉरीशस, मंगोलिया, मोजाम्बिक, निकारागुआ, पापुआ न्यू गिनी, सेशेल्स और ट्यूनीशिया, शामिल किए जाएंगे. ये देश उन 38 देशों में शामिल हो जाएंगे, जिन पर पहले से यह नियम लागू है, जैसे अल्जीरिया, अंगोला, बांग्लादेश, भूटान, नेपाल, नाइजीरिया, सेनेगल, तंजानिया, युगांडा, जाम्बिया, जिम्बाब्वे आदि. इस लिस्ट में भारत और पाकिस्तान का नाम शामिल नहीं है.
अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि इस कार्यक्रम को भविष्य में ‘इमिग्रेशन जोखिम कारकों’ के आधार पर और भी देशों तक बढ़ाया जा सकता है, यानी ओवरस्टे के आंकड़ों और नियमों के पालन के आधार पर नए देश जोड़े जा सकते हैं. ट्रंप प्रशासन ने इस नीति को आर्थिक रूप से भी लाभदायक बताया. उनके अनुसार, अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे व्यक्ति को देश से निकालने में औसतन 18 हजार डॉलर का खर्च आता है.
नए नियम के कारण करोड़ों बचा रहा अमेरिका
इस कार्यक्रम के जरिए ओवरस्टे कम होने से अमेरिकी टैक्सपेयर्स के लगभग 800 मिलियन डॉलर प्रति वर्ष तक बचाए जा रहे हैं. यह वीजा बॉन्ड नियम खासतौर पर बी1 (बिजनेस) और बी2 (टूरिज्म) जैसे अल्पकालिक वीजा पर लागू होता है. यह बॉन्ड एक वित्तीय गारंटी के रूप में काम करता है ताकि लोग वीजा की शर्तों का पालन करें. बी1 और बी2 वीजा सबसे ज्यादा जारी किए जाने वाले नॉन-इमिग्रेंट वीजा हैं, जिनका उपयोग व्यापार, पर्यटन और पारिवारिक मुलाकातों के लिए किया जाता है.