अमेरिका के विकास में भारतीयों का योगदान… H1-B वीजा पर एलन मस्क का बड़ा बयान, कहा- बंद नहीं होनी चाहिए पॉलिसी



अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने H1-B वर्क वीजा प्रोग्राम को लेकर जो सख्त कदम उठाए हैं, उससे सबसे ज्यादा भारतीय प्रभावित हुए हैं. वीजा की फीस कई गुना बढ़ा दी गई है. ट्रंप प्रशासन के इस सख्त रुख के बीच अरबपति बिजनेसमैन एलन मस्क ने भारतीयों की जमकर तारीफ की है. उन्होंने अमेरिका के विकास में भारतीयों के सहयोग की सराहना की और वीजा प्रोग्राम जारी रखने की भी वकालत की है.

अमेरिका की एयरोस्पेस कंपनी स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने H1-B वीजा का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि अमेरिका को भारत से आए प्रतिभाशाली लोगों का बहुत फायदा मिला है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर वीजा प्रोग्राम चेतावनी कर दिया गया तो यह अमेरिका के लिए वास्तव में बहुत बुरा होगा. उन्होंने कहा कि अमेरिका को भारत के कामगारों की आज पहले से कहीं ज्यादा जरूरत है. एलन मस्क ने माना कि आउटसोर्सिंग कंपनियां वीजा प्रणाली का दुरुपयोग करती हैं. उन्होंने कहा कि इस कमी को दूर किया जाना चाहिए न कि वीजा को ही रोक देना चाहिए.

एलन मस्क ने निवेशक और उद्यमी निखिल कामत के पॉडकास्ट पीपल बाय डब्ल्यूटीएफ में एक इंटरव्यू के दौरान यह टिप्पणी की. मस्क ने कहा, ‘हां, मुझे लगता है कि अमेरिका को उन प्रतिभाशाली भारतीयों से बहुत लाभ हुआ है जो अमेरिका आए… अमेरिका, भारत की प्रतिभा से अत्यंत लाभान्वित हुआ है.’

एच-1बी वीजा को लेकर एलन मस्क ने कहा कि भले ही इस वर्क वीजा प्रोग्राम का कुछ दुरुपयोग हुआ है लेकिन उनका दृढ़ विश्वास है कि इसे बंद नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘यह कहना सही होगा कि… कुछ आउटसोर्सिंग कंपनियों ने एच-1बी प्रणाली का दुरुपयोग किया है और हमें इस दुरुपयोग को रोकने की जरूरत है, लेकिन मैं बिल्कुल भी उस विचारधारा का हिस्सा नहीं हूं कि इस कार्यक्रम को बंद कर दिया जाए. कुछ दक्षिणपंथी लोग ऐसा सोचते हैं. मेरा मानना है कि उन्हें समझ नहीं है कि ऐसा करना वास्तव में बहुत बुरा होगा.’

एलन मस्क ने ऐसे समय में यह बात कही है जब अमेरिका ने एच-1बी वीजा के दुरुपयोग को रोकने के लिए बड़े पैमाने पर सख्ती शुरू की है. अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनियां विदेशियों को रोजगार देने के लिए इस वीजा का व्यापक रूप से उपयोग करती हैं. भारतीय पेशेवर खासकर प्रौद्योगिकी क्षेत्र के कर्मचारी और चिकित्सक एच-1बी वीजा धारकों के सबसे बड़े समूहों में शामिल हैं.

एलन मस्क ने आरोप लगाया कि पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल में बड़े पैमाने पर अवैध आव्रजन हुआ, जिसने नकारात्मक प्रभाव पैदा किया. उन्होंने कहा, ‘अगर अमेरिका में अवैध रूप से आने और सरकारी लाभ पाने का बड़ा आर्थिक प्रलोभन होगा, तो स्वाभाविक रूप से लोग अमेरिका आने की कोशिश करेंगे. यह पूरी प्रोत्साहन संरचना ही गलत थी.’

जब उनसे पूछा गया कि भारत के युवा उद्यमियों के लिए उनका संदेश क्या है, तो एलन मस्क ने कहा कि वह उन सभी का सम्मान करते हैं जो कुछ बनाना चाहते हैं. उन्होंने कहा, ‘आप जो पाना चाहते हैं, उससे अधिक देने का लक्ष्य रखें. अगर आप कुछ मूल्यवान बनाना चाहते हैं… उपयोगी उत्पाद और सेवाएं देना चाहते हैं… तो पैसा अपने-आप आएगा.’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *