यूएस-इजरायल के हमले में घायल हुईं ईरानी सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की पत्नी मंसूरे खोजस्ते बागेरज़ादेह (Mansoureh Khojasteh Bagherzadeh) की भी मौत हो गई. हमले में घायल होने के बाद उनका इलाज अस्पताल में चल रहा था. ताजा अपडेट के मुताबिक उन्होंने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
ईरान की तसनीम समाचार एजेंसी के मुताबिक, सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की पत्नी भी अमेरिका और इजरायल के हमले में घायल हुई थीं. जिनका निधन हो गया. मसूरे पर्दे के पीछे रहीं और कभी कोई आधिकारिक भूमिका में नजर नहीं आईं. उनके फोटो और वीडियो भी बेहद कम देखने को मिलते हैं. मीडिया से वह ज्यादातर दूर ही रहीं.
कौन थीं अयातुल्ला अली खामेनेई की पत्नी?
बता दें कि अयातुल्ला अली खामेनेई की पत्नी का नाम मंसूरे खोजस्ते बागेरजादेह था. उनका जन्म साल 1947 में ईरान के मशहद शहर में हुआ था. वह एक धार्मिक और सम्मानित व्यापारी परिवार से आती हैं. उनके पिता मोहम्मद इस्माइल खोजस्ते बागेरज़ादेह मशहद के मशहूर व्यापारी थे. उनका परिवार धार्मिक और पारंपरिक मूल्यों वाला था. खामेनेई से उनकी शादी साल 1964 में हुई. रिपोर्ट्स की मानें तब मंसूरे की उम्र 17 वर्ष थी. खामेनेई की मां ने उनके घर रिश्ता भेजा था. दोनों की ज्यादा मुलाकातें नहीं हुईं. शादी भी निजी समारोह में हुई थी.
6 बच्चों के माता-पिता
ईरान में शाह शासन के विरोध के चलते खामेनेई शादी के बाद ही कई बार जेल गए. तब मंसूरे ने अकेले ही परिवार की जिम्मेदारियों को संभाला. ईरानी मैंग्जीन को साल 1993 में दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि खामेनेई को बेहतर पति बताते हुए परिवार का बेहद ख्याल रखने वाले शख्स कहा था. खामेनेई और मंसूरे के कुल 6 बच्चे हैं, जिनमें चार बेटे और दो बेटियां हैं. बेटे मोस्तफा, मोजतबा, मसूद , मेयसाम और बेटियां बोशरा (Boshra), होदा (Hoda) हैं.
खामनेई परिवार के चार और सदस्यों की मौत
अयातुल्ला खामेनेई और उनकी पत्नी के अलावा उनके परिवार के चार और सदस्यों की मौत का दावा किया जा रहा है, जिसमें उनकी एक बेटी और पोता भी शामिल बताए जा रहे हैं.