भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो लगातार तीसरे दिन क्रू की कमी से जूझ रही है. इसकी वजह से देशभर में एयरलाइन के ऑपरेशन पर बुरा असर पड़ा है. गुरुवार को दिल्ली में अब तक इंडिगो की 30 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुई हैं. मुंबई में 85 और हैदराबाद में 33 फ्लाइट्स कैंसिल हुईं. 3 दिन में 600 से ज्यादा फ्लाइट्स पर असर पड़ा है.
3 दिनों में 600 से ज्यादा इंडिगो फ्लाइट्स रद्द
पायलट और केबिन क्रू की कमी समेत ऑपरेशनल दिक्कतों के चलते बुधवार को भी देशभर में सैकड़ों उड़ानें रद्द की गईं, जिससे हजारों यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा. दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता जैसे बड़े एयरपोर्ट्स पर यात्रियों की भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला. विमानन क्षेत्र के सूत्रों के मुताबिक, पिछले 3 दिनों में रद्द हुई उड़ानों की कुल संख्या 600 को पार कर गई है.
इंडिगो एयरलाइंस के ड्यूटी रोस्टर में गड़बड़ी
एयरलाइन के काउंटर पर स्टाफ की कमी के चलते यात्रियों को री-बुकिंग और रिफंड की सुविधा में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई यात्री निराश होकर अपनी यात्रा कार्यक्रम रद्द करके वापस लौट गए. इस बड़े संकट की मुख्य वजह पायलट्स का अचानक बड़ी संख्या में बीमार पड़ना और फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियमों के चलते ड्यूटी रोस्टर में गड़बड़ी है. कंपनी के पास तैयार पायलट्स की कमी उस समय खलल पैदा कर रही है, जब यात्रियों का मौसमी आना-जाना चरम पर है.
DGCA ने नोटिस देकर जवाब मांगा
इस ऑपरेशनल विफलता पर नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने सख्त रुख अपनाते हुए इंडिगो को एक नोटिस जारी किया. इसमें तीन दिनों में इतनी बड़ी संख्या में फ्लाइट्स रद्द करने के कारणों का डिटेल्ड में जवाब मांगा है. DGCA ने कहा है कि यात्रियों को होने वाली परेशानी के लिए एयरलाइन जिम्मेदार है और उसे उचित मुआवजा देना होगा. कंपनी दिन भर में लगभग 2,300 घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें ऑपरेट करती है.
DGCA के नए नियमों के कारण इंडिगो में परेशानी बढ़ी
DGCA ने 1 नवंबर से पायलटों और अन्य क्रू मेंबर्स के काम से जुड़े नियमों में बदलाव किए. इसे फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नाम दिया गया, जो दो चरणों में लागू हुआ. पहला चरण 1 जुलाई को लागू किया गया.
वहीं 1 नवंबर से दूसरा चरण लागू हुआ, जिसके कारण एयरलाइन कंपनियों के पास पायलटों समेत अन्य क्रू मेंबर्स की अचानक कमी पड़ गई. इंडिगो सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है. DGCA ने बताया कि नवंबर में इंडिगो की कुल 1,232 उड़ानें कैंसिल की गईं, जिनमें FDTL नियमों के कारण 755 उड़ानें शामिल हैं।.