कांग्रेस महासचिव और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा सुर्खियों में हैं. यह चर्चा उनकी सगाई को लेकर है. उनकी सगाई दिल्ली के जाने माने बिजनेसमैन की बेटी अवीवा बेग के साथ हुई है.
सूत्रों के मुताबिक, उनकी रिंग सेरेमनी दिल्ली में हो गई है. सोमवार को दिल्ली के बिजनेसमैन इमरान बेग और इंटीरियर डिजाइनर नंदिता बेग की बेटी अवीवा बेग से उनकी सगाई हुई है. रेहान और अवीवा बचपन के दोस्त हैं. प्रियंका वाड्रा और नंदिता बेग का पुराना नाता रहा है. रेहान राहुल गांधी के भांजे और सोनिया गांधी के नाती हैं.
इसी सिलसिले में हम आपको गांधी परिवार में अबतक हुई शादियों के बारे में जानकारी दे रहे हैं.
इंदिरा गांधी ने फिरोज गांधी से की थी शादी
रेहान की परनानी और भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने फिरोज गांधी से लव मैरिज की थी. इस शादी के पक्ष में भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू नहीं थे. इसकी वजह फिरोज गांधी का परिवार बेहद ही साधारण था. बताते हैं कि इंदिरा की मां कमला नेहरू भी फिरोज गांधी को पसंद नहीं करती थीं.
पारिवारिक मतभेद को नजरंदाज करते हुए इंदिरा गांधी ने फिरोज गांधी से सगाई कर ली थी. इसकी जानकारी तब मिली, न्यूज पेपर द लीडर ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित करते हुए लिखा था, ‘मिस इंदिरा नेहरूज इंगेजमेंट’. सगाई की खबर के बाद जवाहरलाल नेहरू ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया था. दोनों की शादी 26 मार्च 1942 को इलाहबाद के आनंद भवन में हुई थी.
चर्चा में रही थी सोनिया-राजीव की लव स्टोरी
रेहान के नाना जी राजीव गांधी ने भी लव मैरिज की थी. उनकी कैम्ब्रिज में पढ़ाई के दौरान सोनिया गांधी से दोस्ती हुई और देखते ही देखते रिश्ता शादी में बदल गया. सोनिया गांधी और राजीव गांधी की लव स्टोरी बेहद चर्चा में रही थी. राजीव गांधी ने सोनिया गांधी से शुरुआत में अपने परिवार की पृष्टभूमि को छिपाया था, लेकिन बाद में उन्होंने अपनी मां इंदिरा गांधी का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी को बताया था कि उनकी मां भारत की प्रधानमंत्री हैं. राजीव गांधी के साथ शादी को लेकर सोनिया गांधी के पिता खिलाफ में थे. 25 फरवरी 1968 को हुई उनकी शादी में भी सोनिया के पिता शामिल नहीं हुए थे. गांधी परिवार को इस रिश्ते से किसी तरह का एतराज नहीं था.
संजय गांधी ने मॉडल रहीं मेनका गांधी से की थी शादी
इंदिरा गांधी के छोटे बेटे संजय गांधी ने भी लव मैरिज की थी. उन्होंने मॉडल मेनका गांधी से शादी की थी. संजय गांधी मेनका गांधी के बोल्ड विज्ञापन देखकर उनसे प्यार कर बैठे थे. इसके बाद उनकी मुलाकात मेनका की चचेरी बहन की शादी में हुई. इंदिरा गांधी ने मेनका गांधी से लंबी बातचीत की थी. दोनों परिवार की हामी के बाद 29 सितंबर 1974 को मेनका और संजय गांधी शादी के बंधन में बंधे.
प्रियंका गांधी ने रॉबर्ट वाड्रा से की थी लव मैरिज
रेहान की मां प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी रॉबर्ट वाड्रा के साथ लव मैरिज की थी. 1991 में उनकी मुलाकात एक करीबी दोस्त के घर हुई थी. 18 फरवरी 1997 को रॉबर्ड वाड्रा और प्रियंका गांधी ने शादी कर ली. प्रियंका ने अपनी दादी की साड़ी शादी में पहनी थी. रॉबर्ट वाड्रा का स्टील का कारोबार है.