इमरान खान की सेहत पर पाकिस्तान में सियासी घमासान, गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने बहन अलीमा पर लगाए गंभीर आरोप


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की आंख के मामले पर आज मंगलवार (17 फरवरी, 2026) को पाकिस्तानी गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने इमरान खान की बहन अलीमा खानम पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि अलीमा खानम इमरान खान की सेहत पर राजनीति कर रही है.

नकवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आरोप लगाया कि इमरान खान की आंख में पहला इंजेक्शन लगने के बाद डॉक्टरों को उन्हें 12 फरवरी को देखने जाना था और टेस्ट करने थे, लेकिन इमरान खान की बहन अलीमा खानम की वजह से तीन दिन की देरी के बाद 15 फरवरी को डॉक्टर अदियाला जेल में इमरान खान का टेस्ट करने पहुंच पाए थे.

गृह मंत्री ने अलीमा खानम पर क्या लगाए आरोप?

इतना ही नहीं, मोहसिन नकवी ने आरोप लगाया कि जब 15 फरवरी को जब डॉक्टरों की टीम इमरान खान का परीक्षण करने अदियाला जेल गई थी, तो पीटीआई के प्रमुख डॉ. गौहर खान को भी बुलाया गया था, लेकिन डॉ गौहर खान ने आने से मना कर दिया. उसके बाद भी PTI के प्रमुख गौहर खान और सीनेट में नेता प्रतिपक्ष पीटीआई के नेता महमूद खान अचकजई को इस्लामाबाद में PIMS अस्पताल ने बुलाकर इमरान खान की हालत पर जानकारी दी और इमरान खान के डॉक्टरों से भी 45 मिनट बातचीत की गई, जिसमें इमरान खान के डॉक्टरों ने इलाज को बहुत ही अच्छा बताया.

सिर्फ डॉक्टरों की सलाह पर खान को अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा

गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने इमरान खान को अस्पताल में शिफ्ट करने की पीटीआई और इमरान खान के परिवार की मांग पर कहा कि अगर डॉक्टर सलाह देंगे तो एक हफ्ते क्या दो हफ्ते अस्पताल में भर्ती करवा देंगे, लेकिन यह सिर्फ डॉक्टरों की सलाह पर होगा. इसके साथ, अपनी सरकार की पीठ थपथपाते हुए नकवी ने कहा कि इमरान खान के एंटी-वीईजीएफ इंजेक्शन जेल में भी लग सकता था, लेकिन सुरक्षित माहौल देने के लिए पाकिस्तान इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में ले जाकर इंजेक्शन लगवाया.

पाकिस्तानी गृह मंत्री के बयानों में दिखा विरोधाभास

अपनी पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तानी गृह मंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खानम पर कभी उनकी सेहत पर सियासत करने का आरोप लगते आए, तो कभी खान के चेकअप में देरी का आरोप. उन्होंने ये भी दावा किया कि इमरान खान का इलाज अच्छे से हो रहा है, लेकिन अलीमा खानम ने पार्टी के अधिकारियों से कहा है कि वो इलाज की तारीफ ना करें, वरना राजनैतिक मुद्दे खत्म हो जाएंगे.

वैसे नकवी ने खान की बहन पर चेकअप में देरी का आरोप तो लगाया, लेकिन इस आरोप में खुद मोहसिन नकवी ही फंस गए, क्योंकि नकवी के मुताबिक, इमरान खान की बहन की वजह से डॉक्टर 3 दिन देरी से चेकअप करने गए. ऐसे में इस लिहाज से नकवी की बात मानें तो डॉक्टरों को 12 फरवरी को इमरान खान का चेकअप करने जाना था, लेकिन 12 फरवरी को तो पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई थी, जहां इमरान खान को दायी आंख से सिर्फ 15 फीसदी दिखने की रिपोर्ट कोर्ट की ओर से नियुक्त एमिकस क्यूरी सलमान सफदर ने पेश की थी. फिर कोर्ट ने पाकिस्तानी सरकार को आदेश दिया था कि डॉक्टरों की एक टीम का पाकिस्तानी सरकार गठन करे, जो इमरान खान को देखने जाएगी और उनके स्वास्थ्य की रिपोर्ट पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट को देगी.

पाकिस्तानी हुकूमत ने 14 फरवरी को गठित की डॉक्टरों की टीम

इस डॉक्टरों की टीम का गठन ही पाकिस्तानी हुकूमत ने 14 फरवरी को किया था. ऐसे में मोहसिन नकवी खुद अपने दावों में फंसते नजर आ रहे हैं, इसी तरह नकवी ने दावा किया कि इमरान खान का 15 फरवरी को चेकअप करने के बाद सरकार द्वारा गठित टीम के डॉक्टरों ने इमरान खान के खुद के डॉक्टरों से 45 मिनट बातचीत की थी, जिसमे उन्होंने इलाज और टेस्ट से सहमति जताई थी, लेकिन सरकार द्वारा गठित टीम के डॉक्टरों ने इमरान खान की हेल्थ रिपोर्ट में जानकारी दी थी कि उन्होंने सिर्फ 25 मिनट ही इमरान खान के पर्सनल डॉक्टरों से बातचीत की थी और इलाज को बहुत अच्छा बताने का उस रिपोर्ट में कोई जिक्र नहीं था.

इसके अलावा, मोहसिन नकवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि इमरान खान की सेहत को लेकर झूठ फैलाया गया कि उनकी दायी आंख से 85% दिखाना बंद हो गया है और जेल की हालत बेहद खराब है. नकवी के मुताबिक, उनकी इच्छा है कि वो पत्रकारों को लेकर जेल में जाए और दिखाएं कि इमरान खान कितनी आव भगत से रह रहे हैं, लेकिन पत्रकारों को जेल में ले जाना उनके हाथ में नहीं है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *