ईरान से सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई गायब! क्या ट्रंप के समर्थन से IRGC संभालेगी मुस्लिम देश की कमान?


मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच ईरान के नए सर्वोच्च नेता मुज्तबा खामेनेई की तेहरान की मौजूदा सत्ता में पकड़ को लेकर सवाल उठने लगे हैं. ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि 8 मार्च को सुप्रीम लीडर के पद पर काबिज होने के बाद से वह एक बार भी सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए. दूसरी तरफ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी कई बार दावा कर चुके हैं कि मुज्तबा खामेनेई की शायद मौत हो चुकी है.

सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए मुज्तबा खामेनेई

अयातुल्ला अली खामेनेई जब तक सुप्रीम लीडर रहे तब तक वह निश्चित समय के बाद टेलीविजन पर भाषण देते थे, जिससे ये संदेश जाता था कि वह नियमित रूप से राजनीति का हिस्सा बने हुए हैं. इसके उलट मुज्तबा खामेनेई ने अब तक अपना संदेश सिर्फ सरकारी टीवी एंकरों के जरिए ही पहुंचाया है. इसके अलावा ईरानी अधिकारियों ने भी अमेरिका को जवाब देने के लिए मुज्तबा के एआई से बनाई गई तस्वीरें शेयर की. ऐसे में ये धारणाएं और मजबूत हो रही है कि असली ताकत ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड के हाथ में है.

द गार्जियन ने साइप्रस में ईरानी राजदूत के हवाले से बताया था कि 28 फरवरी को हुए हमले में मुज्तबा खामेनेई भी घायल हुए थे. राजदूत ने बताया था कि उस हमले में मुज्तबा के हाथ और पैर में चोटें आई थी. मुज्तबा खामेनेई ने 12 मार्च को पहली बार देश के नाम संबोधन में अमेरिका और इजरायल से बदला लेने की बात कही थी और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने की धमकी दी थी. हालांकि वह खुद टीवी के सामने नहीं आए, बल्कि एंकर ने उनका संदेश पढ़ा था.

लिखित संदेश के जरिए दी अमेरिका को धमकी

सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारीजानी और बसीज कमांडर गुलामरेजा सुलेमानी की मौत पर मुज्तबा खामेनेई ने 18 मार्च को बदला लेने की धमकी दी थी. इसके बाद 20 मार्च को नवरोज के मौके पर भी उन्होंने लिखित संदेश के जरिए संबोधित किया. उनके पिता अयातुल्ला अली खामेनेई हर साल इस मौके पर टीवी पर नजर आते थे. 21 मार्च को वह तेहरान में ईद उल फितर की नमाज में भी शामिल नहीं हुए थे.

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि ईरान पर हुए हमले में मुज्तबा खामेनेई  घायल हुए हैं और शायद उनका चेहरा बिगड़ गया है. ट्रंप ने तो उन्हें मृत घोषित कर दिया क्योंकि किसी ने उनकी कोई बात नहीं सुनी है. संयुक्त राष्ट्र में ईरानी राजदूत ने कहा कि सुरक्षा कारणों से मुज्तबा गैर हाजिर हैं. विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने दावा किया कि मुज्तबा खामेनेई पूरी तरह से स्वस्थ हैं और देश का कामकाज संभाल रहे हैं.

मुज्तबा खामेनेई का किसी भी वजह से अंडरग्राउंड रहना ईरान की राजनीति की दिशा बदल रहा है. बीबीसी के अनुसार एक्सपर्ट्स मानते हैं कि अब ये सोच तेजी से पनप रही है कि इस युद्ध में सत्ता की पूरी कमान आईआरजीसी के हाथ में है. 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *