अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ओबामा ने अपने तलाक को लेकर कही जा रही बातों को सिरे से नकार दिया है. उन्होंने एक पॉडकास्ट में इस मामले को पूरी तरह से स्पष्ट करते हुए इस पर विराम लगा दिया है.
दरअसल, बराक ओबामा और मिशेल ओबामा क्रेग रॉबिन्सन, जो मिशेल ओबामा के सगे भाई हैं, के पॉडकास्ट में नजर आए. इस पॉडकास्ट में दोनों ने अपने रिलेशनशिप को लेकर खुलकर बातें की. इस दौरान उन्होंने अपने रिश्ते को खत्म करने और तलाक लेने की बातों का भी जवाब दिया.
मिशेल ओबामा ने बराक के साथ अपने रिश्ते को लेकर क्या कहा?
पॉडकास्ट के दौरान जब क्रेग रॉबिन्सन ने मिशेल से इसके बारे में पूछा, तो मिशेल ने जवाब देते हुए कहा, “हमारी शादी में कभी ऐसा कोई एक पल नहीं आया है, जब मुझे यह ख्याल आया हो कि मैं अपने पति को छोड़ दूं.” उन्होंने कहा, “हमने एक दूसरे के साथ मुश्किल वक्त भी देखे हैं और मजेदार पल भी देखें हैं. इसके अलावा, हमने एक-दूसरे के साथ कुछ अद्भुत अनुभव भी किए हैं.”
इस दौरान अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला मिशेल ओबामा ने बराक ओबामा की शख्सियत की भी तारीफ की. उन्होंने कहा, “जिस आदमी से मैंने शादी की है, उसकी वजह से आज मैं एक बेहतर इंसान बन गई हूं.”
लंबे समय से बराक और मिशेल ओबामा के तलाक की उड़ रही थी अफवाहें
उल्लेखनीय है कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और पूर्व प्रथम महिला मिशेल ओबामा के तलाक की अफवाहें पिछले कई महीनों से लगातार उड़ रही थीं. दरअसल, बीते कुछ वक्त से अमेरिका के सबसे पसंदीदा कपल कई बड़े मौके पर एक साथ नजर नहीं आ रहे थे. ऐसे में इन दोनों के तलाक की अटकलें लगाई जाने लगी.
वहीं, इस बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बराक ओबामा की एक हॉलीवुड एक्ट्रेस के साथ रिलेशनशिप में होने की भी बात सामने आने लगी. हालांकि, बराक ओबामा ने इस साल वेलेंटाइन डे (14 फरवरी, 2025) पर पत्नी मिशेल ओबामा के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की. जिस पर मिशेल ओबामा ने भी प्रतिक्रिया दी थी. तस्वीर में दोनों पति-पत्नी मुस्कुराते हुए दिख रहे थे. वहीं, अब कपल ने अपने तलाक को लेकर लगाई जा रही अटकलों को पूरी तरह से खत्म कर दिया है.
यह भी पढ़ेंः पीएम मोदी ने भाषण में लिया मां काली का नाम, महुआ मोइत्रा ने कसा तंज, कहा- ‘वो ढोकला नहीं खातीं’