कनाडा के टोरंटो में पिछले हफ्ते हुई भारतीय नागरिक हिमांशी खुराना (30) की हत्या की पुष्टि हुई है. अधिकारियों ने बताया कि 32 साल के अब्दुल गफूरी के खिलाफ फर्स्ट डिग्री मर्डर के आरोप में सर्च वारंट जारी किया गया है, जोकि टोरंटो का ही रहने वाला था. जांच एजेंसियों का कहना है कि हिमांशी और गफूरी रिलेशन में थे.
प्रेस रिलीज में टोरंटो पुलिस ने कहा है कि 19 दिसंबर की रात को स्टैचन एवेन्यू और वेलिंगटन स्ट्रीट वेस्ट इलाके में एक लापता शख्स से जुड़ा कॉल आया था. अगले दिन 20 दिसंबर की सुबह करीब सुबह 6:30 बजे पुलिस को लापता महिला एक घर में मृत मिली. आरोपी और मृतक महिला पहले से एक दूसरे को जानते थे.
कैसे हुई भारतीय महिला की मौत?
पुलिस के मुताबिक, मृतक महिला की पहचान हिमांशी खुराना के रूप में हुई है. वह टोरंटो में रहती थी. लापता होने की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी. इसके बाद शनिवार को महिला की लाश एक घर में मिली. इस मौत को होमिसाइड यानी हत्या के रूप में क्लासीफाई किया गया है. वारदात के बाद होमिसाइड यूनिट ने जांच अपने जिम्मे ली. अब पूरे घटनाक्रम के मुख्य आरोपी अब्दुल गफूरी की तलाश की जा रही है. पीड़ित की तस्वीर उसी नाम के एक यूजर द्वारा पोस्ट की गई सोशल मीडिया की तस्वीर से मिलती थी. उसने खुद को एक डिजिटल क्रिएटर बताया था.
हिमांशी और अब्दुल एक दूसरे को कैसे जानते थे?
सीबीसी की एक रिपोर्ट की मानें तो पुलिस को शक है कि यह मामला घरेलू हिंसा से जुड़ा है. टोरंटो पुलिस की तरफ से स्थानीय मीडिया को बताया गया कि संदिग्ध और पीड़ित रिलेशनशिप में थे. पुलिस का कहना है, ‘हमने संदिग्ध की तस्वीर जारी की है. वह सबके सामने है. हम जनता से अपील कर रहे हैं कि अगर किसी को पता चले तो उस शख्स के बारे में पुलिस को सूचना दे.’
भारतीय दूतावास ने जताई हैरानी
टोरंटो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हत्या पर गहरा सदमा और दुख व्यक्त किया है. उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट कर कहा है कि हम टोरंटो में एक युवा भारतीय नागरिक हिमांशी खुराना की हत्या से दुखी और हैरान हैं. दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. भारतीय दूतावास इस मामले में स्थानीय प्रशासन और परिवार से संपर्क में है. हर संभव मदद की जा रही है.