वेनेजुएला इस वक्त बड़ी राजनीतिक उथल-पुथल से गुजर रहा है. अमेरिकी सेना वेनेजुएला में सैन्य कार्रवाई को अंजाम देने के बाद राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लेकर वापस लौट चुकी है. ऐसे में अब राष्ट्रपति मादुरो की करीबी नेता डेल्सी रोड्रिगेज के हाथों में वेनेजुएला की अंतरिम सत्ता की कमान सौंपी गई है, जो अपनी वामपंथी विचारधारा के लिए बखूबी जानी जाती हैं.
डेल्सी रोड्रिगेज एक मार्क्सवादी गुरिल्ला जॉर्ज एंटोनियो रोड्रिगेज की बेटी हैं, जो एक अमेरिकी कारोबारी विलियम निहॉस का अपहरण करने के लिए कुख्यात थे. इसके अलावा, डेल्सी के बड़े भाई जॉर्ज रोड्रिगेज भी मादुरो के बेहद करीबी माने जाते हैं. डेल्सी रोड्रिगेज ने अपनी पढ़ाई आंशिक रूप से फ्रांस में की, जहां उन्होंने श्रम कानूनों में विशेषज्ञता हासिल की. इसके बाद उन्होंने निकोलस मादुरो की सरकार में तेजी से ऊंचे पदों तक पहुंच बनाई, जो अब अंतरिम नेता के तौर पर वेनेजुएला की कमान संभाल रही हैं.
रोड्रिगेज ने सुधारी वेनेजुएला की आर्थिक हालत
56 वर्षीय रोड्रिगेज को वेनेजुएला के इकोनॉमिक एलिट्स, विदेश निवेशकों और डिप्लोमैट्स के साथ ब्रिज बनाने वाली नेता के तौर पर भी जाना जाता है, जिन्होंने एक सैन्य प्रभुत्व और पुरुष-प्रधान सरकार में खुद को एक वैश्विक नजरिया रखने वाली कॉस्मोपॉलिटन टेक्नोक्रैट के रूप में पेश किया है.
साल 2013 से 2021 के बीच वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था भीषण संकट की स्थिति से होकर गुजरी है. इस दौर के बाद रोड्रिगेज ने मार्केट-फ्रेंडली सुधारों की अगुवाई की, जिससे अमेरिकी सेना की ओर से मादुरो को निशाना बनाए जाने से पहले देश को कुछ हद तक आर्थिक स्थिरता का अहसास मिला.
इसके अलावा, देश की संपत्तियों के निजीकरण और अपेक्षाकृत कंजर्वेटिव वित्तीय नीतियों के चलते वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था ट्रंप प्रशासन की ओर से तेल टैंकरों के प्रतिबंधों और नाकेबंदी का सामना करने के लिए कुछ हद तक बेहतर स्थिति में थी.
ट्रंप के दावे को रोड्रिगेज ने किया खारिज
डेल्सी रोड्रिगेज ने शनिवार (3 जनवरी, 2026) को सरकारी टीवी चैनल के माध्यम से देश को संबोधित किया. जिसे लेकर राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि रोड्रिगेज ने वेनेजुएला की नई राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली है, लेकिन अपने संबोधन में रोड्रिगेज ने बार-बार यह साफ तौर पर कहा कि निकोलस मादुरो ही वेनेजुएला के एकमात्र वैध राष्ट्रपति हैं. वहीं, सरकारी टीवी चैनल पर भी रोड्रिगेज को देश की उपराष्ट्रपति के रूप में ही दिखाया गया. उनका संबोधन खत्म होते ही सरकारी चैनल ने स्पष्ट किया कि उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने यह साफ कर दिया है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति अब भी मादुरो ही हैं.
यह भी पढ़ेंः ‘अपनी जान बचाओ…’, मादुरो को अमेरिका लाने के बाद ट्रंप ने अब इस देश के राष्ट्रपति को दी सरेआम धमकी