करूर भगदड़: हादसा या साजिश… TVK ने की CBI जांच की मांग, मामला पहुंचा हाई कोर्ट | अब तक के बड़े अपडेट



तमिलनाडु के करूर में अभिनेता-राजनीतिज्ञ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की रैली के दौरान मची भगदड़ ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है. इस दर्दनाक हादसे में 10 बच्चों समेत 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए. अब यह मामला अदालत के दरवाजे पर पहुंच गया है.

हाईकोर्ट से स्वतंत्र जांच की मांग
TVK ने रविवार को बताया कि वह इस हादसे की स्वतंत्र जांच के लिए मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै बेंच का दरवाजा खटखटाएगी. पार्टी का आरोप है कि यह भगदड़ आकस्मिक नहीं बल्कि ‘साजिश’ का परिणाम थी. TVK ने भीड़ में पथराव और कार्यक्रम स्थल पर पुलिस लाठीचार्ज की ओर भी इशारा किया. TVK के वकील अरिवाझगन ने NDTV को बताया कि पार्टी ने मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है, जिसमें अदालत से विशेष जांच दल (SIT) गठित करने या मामले को केंद्रीय एजेंसी सीबीआई को सौंपने की मांग की गई है.

अरिवाझगन ने राज्य सरकार के इस दावे को खारिज कर दिया कि करूर रैली में सुरक्षा दिशानिर्देशों का उल्लंघन हुआ था. सूत्रों के अनुसार, मद्रास हाईकोर्ट के जस्टिस एन. सेंथिलकुमार सोमवार शाम 4:30 बजे इस मामले में दायर तत्काल याचिका पर सुनवाई करेंगे. याचिका में मांग की गई है कि करूर भगदड़ की जांच पूरी होने तक TVK को किसी भी सार्वजनिक सभा आयोजित करने से रोका जाए.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताए भयावह हालात
हादसे के गवाहों ने बताया कि विजय के आने से ठीक पहले अचानक बिजली गुल हो गई. संकरी सड़कों और बढ़ती भीड़ ने अफरा-तफरी को और बढ़ा दिया. भगदड़ के बीच कई परिवार बिछड़ गए, महिलाएं और बच्चों का दम घुटने लगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट्स में भी कई मौतों का कारण दम घुटना सामने आया है. घटना स्थल पर अगले दिन बिखरे जूते-चप्पल, फटे कपड़े और टूटी बोतलें हादसे की भयावहता बयान कर रही थीं.

विजय ने मुआवजे का किया ऐलान
अभिनेता विजय ने रविवार को अपने संदेश में कहा कि उनका दिल टूट गया है और वह गहरे दुख में हैं. उन्होंने मृतकों के परिवारों को 20-20 लाख रुपये और घायलों को 2-2 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की. विजय ने कहा “यह अपूरणीय क्षति है. आपके परिवार के सदस्य के रूप में मैं इस दुख में आपके साथ हूं.”

CM स्टालिन का दौरा
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन भी करूर पहुंचे और अस्पताल में घायलों से मुलाकात की. उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सरकारी मदद का भरोसा दिलाया और कहा कि सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.

क्षमता से ढाई गुना अधिक भीड़ उमड़ी
टीवीके प्रमुख विजय की करूर रैली में जहां 10,000 लोगों की क्षमता थी, वहां करीब 27,000 लोग पहुंच गए. डीजीपी के अनुसार, विजय रात 7:40 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे. जैसे ही उनका वाहन अंदर दाखिल हुआ, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी उनके साथ अंदर घुस आए और पहले से मौजूद भीड़ में मिल गए. इससे अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया और हालात बिगड़ गए.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *