कुरनूल बस हादसे से पहले का CCTV वीडियो वायरल, बाइक सवार के नशे में होने का दावा



आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हुए दर्दनाक बस हादसे से पहले का एक CCTV वीडियो सामने आया है. कहा जा रहा है कि यह वही बाइक सवार है, जिसने बस में टक्कर मारी थी, जिसके बाद बस में आग लग गई और 20 लोगों की मौत हो गई. हादसे में बाइक सवार शिवशंकर की भी मौत हुई थी.

हादसे से कुछ मिनट पहले का वीडियो
वीडियो में (24 अक्टूबर रात 2:22 बजे) दो लोग एक बाइक पर पेट्रोल पंप पर आते दिख रहे हैं. उनमें से एक बाइक को धक्का देकर आगे बढ़ाता है और फिर तेजी से निकलता है. वह कुछ पल के लिए संतुलन खो देता है, लेकिन फिर बाइक को संभाल लेता है. सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे इस वीडियो में दावा किया गया है कि बाइक सवार नशे में था. कई लोगों का कहना है कि उसकी चाल और हरकत से यह साफ झलकता है.
 
पुलिस ने वीडियो की पुष्टि नहीं
पुलिस ने कहा है कि अब तक इस CCTV फुटेज की सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि, वीडियो में जो समय दिख रहा है वह 2:22 बजे रात का है, जो पुलिस द्वारा बताए गए हादसे के समय 2:30 से 3:00 बजे के बीच से मेल खाता है.

हादसे की वजह बनी बाइक और बस की टक्कर
यह हादसा शुक्रवार तड़के कुरनूल के बाहरी इलाके में हुआ. बेंगलुरु जा रही एक प्राइवेट बस ने सड़क पर चल रही एक बाइक को पीछे से टक्कर मार दी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाइक का फ्यूल टैंक खुला हुआ था, और टक्कर लगते ही पेट्रोल फैल गया. उसी से बस में आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि 20 लोग जलकर मर गए, जबकि कई घायल हुए. बाइक सवार भी मौके पर ही मारा गया.

दो बस ड्राइवरों पर केस दर्ज
पुलिस ने हादसे के बाद बस के दो ड्राइवरों के खिलाफ लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है. यह शिकायत हादसे के एक बचे यात्री एन. रमेश ने दर्ज कराई. मामला उलिंदकोंडा पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ है.

ड्राइवरों के बयान में फर्क
दूसरे ड्राइवर शिव नारायण ने पहले बताया कि भारी बारिश और कम रोशनी के कारण बस ने बाइक को टक्कर मारी, लेकिन बाद में उसने अपना बयान बदल दिया. अब उसका कहना है कि बाइक और उसका सवार पहले से सड़क पर गिरे हुए थे, और पहला ड्राइवर लक्ष्मैया ने अनजाने में उनके ऊपर बस चला दी, जिससे तेज धमाका और आग लगी. यह जानकारी इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में दी गई है.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *