कोलकाता में मेसी के लिए बवाल: बीजेपी का आरोप, TMC की वजह से बिगड़े हालात, ममता के कार्यकर्ताओं को ठहराया जिम्मेदार


कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के दौरान हुए बवाल को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तृणमूल कांग्रेस  पर गंभीर आरोप लगाए हैं. बीजेपी का दावा है कि स्टेडियम में हुई अव्यवस्था, हंगामा और कानून-व्यवस्था के बिगड़ने के पीछे टीएमसी के कार्यकर्ताओं और नेताओं की सीधी भूमिका थी, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को राजनीतिक मंच में बदल दिया.

कार्यक्रम को टीएमसी ने हाईजैक कर लिया- बीजेपी
बीजेपी नेताओं का कहना है कि जैसे ही लियोनेल मेसी मैदान में उतरे, टीएमसी के नेता, मंत्री, उनके रिश्तेदार और समर्थक सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान में घुस गए. इससे आम दर्शकों के लिए मेसी को देखना नामुमकिन हो गया और हालात बेकाबू हो गए. बीजेपी के अनुसार, हजारों फुटबॉल प्रेमी 4,500 से लेकर 10,000 रुपये तक के महंगे टिकट खरीदकर स्टेडियम पहुंचे थे, लेकिन उन्हें सिर्फ 5–7 मिनट स्क्रीन पर मेसी देखने को मिला. पार्टी का आरोप है कि आम दर्शकों को नजरअंदाज कर वीआईपी और राजनीतिक लोगों को प्राथमिकता दी गई.

टिकट कालाबाजारी और पैसों की लूट का आरोप
बीजेपी ने टिकटों की कालाबाजारी और भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया है. केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने कहा कि 5 से 8 हजार रुपये तक के टिकट बेचे गए और इसमें बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुईं. उन्होंने दावा किया कि पूरे कार्यक्रम के जरिए पैसों की खुली लूट की गई. बीजेपी का कहना है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं की हरकतों के कारण स्टेडियम में अराजकता फैल गई. नाराज़ दर्शकों ने बोतलें फेंकी, सीटें तोड़ीं और हालात संभालने में पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी. पार्टी ने इसे राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का उदाहरण बताया.

सुवेंदु अधिकारी का तीन मांगें

विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने इस घटना को “दर्शकों के साथ विश्वासघात” बताया. उन्होंने कहा कि नेताओं और मंत्रियों ने मेसी को चारों ओर से घेर लिया, जिससे गैलरी से उन्हें देखना संभव नहीं हो पाया.

सुवेंदु अधिकारी ने तीन मांगें रखीं-

  • सभी गैलरी दर्शकों को टिकट का 100% पैसा वापस किया जाए
  • खेल मंत्री अरूप बिस्वास, मंत्री सुजीत बसु और आयोजक शतद्रु दत्ता को गिरफ्तार किया जाए
  • मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल की छवि खराब होने की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें

टीएमसी का पलटवार
TMC नेता कुणाल घोष ने कहा, ‘लियोनेल मेसी को लेकर सॉल्ट लेक स्टेडियम में जो हुआ,  वह दुर्भाग्यपूर्ण है. हम (TMC) इसकी कड़ी निंदा करते हैं और मैं भी इसकी निंदा करता हूं. कुछ लोगों ने मेसी को इस तरह से घेर कर रखा कि जो फुटबॉल प्रेमी थे, जिन्होंने ऊंचे दाम पर टिकट खरीदी वे उन्हें देखने से वंचित हो गए. केवल कुछ लोगों के इस दुर्व्यवहार के कारण फुटबॉल प्रेमियों की भावनाएं आहत हो गईं. मैं फुटबॉल प्रेमियों की भावनाओं का समर्थन करता हूं लेकिन उन्हें थोड़ा संयम दिखाना चाहिए क्योंकि इससे सॉल्ट लेक स्टेडियम को क्षति पहुंच रही है. इसे लेकर कुछ राजनीतिक दलों ने राजनीति भी शुरू कर दी है…’ 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *