Tamil Nadu Assembly Elections: करूर स्टैम्पेड के कुछ दिन बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने साउथ सुपरस्टार विजय की पार्टी तमिलागा वेत्रि कझागम (TVK) से संपर्क किया है. भाजपा इस संपर्क के माध्यम से विजय के विशाल फैन बेस का उपयोग 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में अपनी संभावनाओं को मजबूत करने के लिए करना चाहती है.
27 सितंबर को हुई भगदड़ में कम से कम 41 लोगों की मौत हो गई थी. पुलिस ने बताया कि रैली में लगभग 27,000 लोग आए, जबकि उम्मीद सिर्फ 10,000 थी. पुलिस ने यह भी कहा कि विजय के सात घंटे लेट होने से यह हादसा हुआ. वहीं, विजय की पार्टी ने आरोप लगाया कि पुलिस की लाठीचार्ज के कारण भगदड़ हुई.
रिपोर्ट में किया गया ये बड़ा दावा
NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने TVK के नेताओं को बताया कि अगर विजय को DMK द्वारा अनुचित रूप से निशाना बनाया गया तो वह अकेले नहीं होंगे. भाजपा ने TVK को यह भी कहा कि वह DMK को कड़ी चुनौती देने की कोशिश कर रही है और विजय से धैर्य बनाए रखने की सलाह दी. इस समय अभिनेता करूर स्टैम्पेड संकट से निपटने और अपनी राजनीतिक रैलियों की अनिश्चित स्थिति को सुलझाने में व्यस्त हैं.