खत्म होगा रूस-यूक्रेन युद्ध? जेलेंस्की ने पीस प्लान को लेकर दिया बड़ा अपडेट; ट्रंप के साथ जल्द होगी मुलाकात


यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की रविवार (28 दिसंबर 2025) को फ्लोरिडा में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात करेंगे. इसके साथ ही रूस और यूक्रेन के बीच जंग समाप्त होने की उम्मीद फिर से जग उठी है. जेलेंस्की ने बताया कि ट्रंप के साथ उनकी बैठक यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी पर चर्चा करने को लेकर होनी है. उन्होंने कहा कि 20 सूत्रीय पीस प्लान को जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा.

आखिर क्या चाहते हैं जेलेंस्की?

ट्रंप और जेलेंस्की के बीच ये बैठक ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिका रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने में राजनयिक पहले का नेतृत्व कर रहा है. इस हफ्ते की शुरुआत में जेलेंस्की ने कहा था कि अगर रूस पूर्वी औद्योगिक क्षेत्र के कुछ हिस्सों से अपनी सेना वापस बुलाता है तो यूक्रेन भी ऐसा करने पर विचार करेगा. जेलेंस्की के प्रस्ताव के अनुसार यह इलाका एक विसैन्यीकृत क्षेत्र बन जाए, जिसकी निगरानी अंतरराष्ट्रीय बलों के हाथों में हो.

डोनबास पर नियंत्रण चाहता है रूस

रूस ने कहा कि वह जेलेंस्की के किसी प्रस्ताव को नहीं मानेगा. क्रेमलिन इस बात पर अड़ा है कि यूक्रेन डोनबास में अपने नियंत्रण वाले क्षेत्र को रूसी सेना को सौंप दे, जिसे कीव ने अस्वीकार कर दिया है. रूसी सेना वर्तमान में लुहांस्क के अधिकांश हिस्से और डोनेट्स्क के करीब 70 फीसदी हिस्से पर कब्जा किए हुए है, ये दोनों क्षेत्र डोनबास का हिस्सा हैं.

क्रेमलिन ने कहा है कि यूक्रेन को लेकर पेश किए गए एक शांति प्रस्ताव का मॉस्को विश्लेषण कर रहा है. यह प्रस्ताव रूस के एक विशेष दूत ने हाल ही में अमेरिका के अधिकारियों के साथ हुई मुलाकात के बाद सौंपा है. क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने गुरुवार को यह जानकारी दी. पेस्कोव ने बताया कि रूस, निवेश और आर्थिक सहयोग के लिए राष्ट्रपति के विशेष प्रतिनिधि किरिल दिमित्रिएव द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी की जांच कर रहा है.

रूसी-अमेरिकी अधिकारियों की हुई थी बैठक

दिमित्रिएव ने पिछले हफ्ते मियामी में अमेरिकी अधिकारियों से बातचीत की थी. पेस्कोव ने कहा, ‘हम इन सबका विश्लेषण कर रहे हैं और इसके बाद राष्ट्राध्यक्ष की ओर से लिए गए निर्णय के अनुसार, अमेरिकी पक्ष के साथ आगे परामर्श जारी रखा जाएगा.’ इससे पहले पेस्कोव ने कहा था कि दिमित्रिएव ने मियामी यात्रा के परिणामों के बारे में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को जानकारी दी है. रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों ने रविवार (21 दिसंबर 2025) को अमेरिका के साथ फ्लोरिडा में अलग-अलग बातचीत की थी.

रूसी न्यूज एजेंसी स्पुतनिक के अनुसार, दिमित्रि ने मीडिया से कहा कि युद्ध भड़काने वालों की कोशिशों के बावजूद रूस-अमेरिका वार्ता को बाधित नहीं किया जा सका. इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि उसकी ‘सदर्न ग्रुप ऑफ फोर्सेज’ की यूनिट ने डोनेट्स्क क्षेत्र में स्थित स्वियातो-पोक्रोव्स्के बस्ती पर नियंत्रण कर लिया है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *