गर्व से कहो मैं स्वदेशी खरीदता हूं… राष्ट्र के नाम संबोधन में पीएम मोदी बोले- ‘हर घर को स्वदेशी का प्रतीक बनाना है’


जीएसटी दरों में कटौती लागू होने से एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (21 सितंबर, 2025) को स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने की पुरजोर वकालत की. उन्होंने कहा कि अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार भारत की वृद्धि गाथा को गति देंगे, कारोबारी सुगमता को बढ़ाएंगे और अधिक निवेशकों को आकर्षित करेंगे. उन्होंने कहा कि हमें हर घर को स्वदेशी का प्रतीक बनाना है… हर दुकान को स्वदेशी से सजाना है.

मोदी ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में कहा कि नवरात्रि के पहले दिन से ‘जीएसटी बचत उत्सव’ शुरू होगा और आयकर छूट के साथ यह ज्यादातर लोगों के लिए ‘दोहरा लाभ’ होगा. प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि विकास की दौड़ में सभी राज्य समान हितधारक होंगे. उन्होंने राज्यों से ‘आत्मनिर्भर भारत’ और स्वदेशी अभियानों को ध्यान में रखते हुए विनिर्माण को गति देने का आग्रह किया.

आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम

मोदी ने कहा, ‘नवरात्रि के पहले दिन, देश आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण और बड़ा कदम उठाने जा रहा है. कल सूर्योदय के साथ, अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार लागू हो जाएंगे. कल से ‘जीएसटी बचत उत्सव’ शुरू होगा. आप अपनी पसंद की वस्तुएं ज्यादा आसानी से खरीद पाएंगे. इससे गरीब, मध्यम वर्ग, नव मध्यम वर्ग, युवा, किसान, महिलाएं, व्यापारी और दुकानदार लाभान्वित होंगे.’

मोदी ने कहा कि त्योहारों के इस मौसम में सभी की खुशियां बढ़ेंगी. उन्होंने अगली पीढ़ी के माल एवं सेवा कर (जीएसटी) सुधारों के लिए सभी को बधाई दी. मोदी ने कहा, ‘ये सुधार भारत की वृद्धि गाथा को गति देंगे, कारोबारी सुगमता को बढ़ाएंगे और अधिक निवेशकों को आकर्षित करेंगे.’

‘मेड इन इंडिया’ सामानों को खरीदने पर दें जोर

पीएम मोदी ने कहा, ‘हम वो सामान खरीदें जो ‘मेड इन इंडिया’ हो, जिसमें हमारे देश के नौजवानों की मेहनत लगी हो और हमारे देश के बेटे-बेटियों का पसीना हो. विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचने के लिए हमें आत्मनिर्भरता के रास्ते पर चलना ही होगा और भारत को आत्मनिर्भर बनाने का बहुत बड़ा दायित्व हमारे MSMEs पर भी है. हमें हर घर को स्वदेशी का प्रतीक बनाना है, हर दुकान को स्वदेशी से सजाना है.’

उन्होंने आगे कहा, ‘जो (सामान) देश के लोगों की जरूरत का है, जो हम देश में ही बना सकते हैं, वो हमें देश में ही बनाना चाहिए. GST की दरें कम होने से, नियम और प्रक्रियाएं और आसान बनने से हमारे  MSMEs, हमारे लघु उद्योगों को और कुटीर उद्योगों को बहुत फायदा होगा. उनकी बिक्री बढ़ेगी और टैक्स भी कम देना होगा, यानी उनको भी ‘डबल फायदा’ होगा.’

 

जीएसटी सुधारों से छोटे और मझोले उद्यमों को लाभ

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब भारत ने 2017 में जीएसटी सुधारों की ओर कदम बढ़ाया तो इतिहास रचने की एक नई शुरुआत हुई. उन्होंने कहा कि जीएसटी ने ‘एक राष्ट्र-एक कर’ के सपने को साकार किया. मोदी ने इस बात का उल्लेख भी किया कि कैसे करों और टोल के जाल ने व्यवसायों और उपभोक्ताओं के लिए कठिनाईयां पैदा की हैं.

उन्होंने 12 लाख रुपये तक की आय पर आयकर छूट और जीएसटी सुधारों का हवाला देते हुए कहा कि यह गरीबों, नव-मध्यम वर्ग और मध्यम वर्ग के लिए दोहरा लाभ है. उन्होंने यह भी कहा कि जीएसटी सुधारों से छोटे और मझोले उद्यमों (एमएसएमई) को बड़ा लाभ होगा.

जीएसटी सुधारों के लागू होने से घटेंगे इन सामानों के रेट

प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लोगों से स्वदेशी सामान बेचने और खरीदने में गर्व महसूस करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि स्वदेशी आंदोलन की तरह, भारत की समृद्धि भी स्वदेशी के मंत्र से मजबूत होगी. जीएसटी सुधारों के लागू होने से रसोई के सामान से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक, दवाओं और उपकरणों से लेकर ऑटोमोबाइल तक, लगभग 375 वस्तुओं पर दरें सोमवार से घट जाएंगी.

ये भी पढ़ें:- ‘हिम्मत रखो, आओ लौट चलें’, H-1B वीजा शुल्क बढ़ने पर बोलीं Edelweiss CEO राधिका गुप्ता





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *