पाकिस्तान में जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इमरान खान को गुप्त रूप से जेल से अस्पताल लाया गया, जहां उनकी मेडिकल जांच की गई है. पाकिस्तानी पत्रकार जाहिद गिश्कोरी ने बताया कि इमरान खान को अदियाला जेल से 24-25 जनवरी की रात में इस्लामाबाद के अस्पताल में शिफ्ट किया गया था.
इमरान खान को क्या हुआ
पाकिस्तानी पत्रकार के मुताबिक इमरान खान को आंख के विभाग में रखा गया है. वहीं इस मामले के सामने आने के बाद इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के नेताओं ने चिंताओं जताई है. जाहिद गिश्कोरी ने बताया कि इमरान खान को जब जेल से बाहर लाया गया तो उनकी सेल और जिस रास्ते से बाहर लाए गए, उन सभी जगहों की लाइट बंद कर दी गई थी.
जाहिद गिश्कोरी ने बताया कि अस्पताल में भी इमरान खान की मौजूदगी को पूरी तरह से गोपनीय रखा गया और सभी लाइटें बंद रहीं. अस्पताल में पहुंचने के बाद उनकी आंख की जांच की गईं. खान को लगभग सवा 2 घंटे तक अस्पताल में रखने के बाद अदियाला जेल वापस भेज दिया गया है.
पीटीआई के नेताओं ने जताई चिंता
इस मामले को लेकर बुधवार (28 जनवरी) को पीटीआई के सीनियर नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर आरोप लगाया कि इमरान खान को परिवार या पार्टी नेतृत्व को बताए बिना इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था. पीटीआई चेयरमैन गौहर अली खान ने कहा कि इमरान खान से आखिरी मुलाकात 20 दिसम्बर को हुई थी. उसके बाद से पार्टी के अधिकारियों और परिवार के सदस्यों को उनसे मिलने की इजाजत नहीं दी गई है.
गौहर खान ने कहा कि मेडिकल इलाज के लिए ले जाने से पहले उनके परिवार को भरोसे में लिया जाना चाहिए था. उन्होंने आगे कहा, ‘आज तक हमें उस बीमारी के बारे में नहीं बताया गया जिसके लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया. किस डॉक्टर ने उनकी जांच की या उन्हें वापस जेल क्यों लाया गया.’
ये भी पढ़ें