अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार (28 दिसंबर, 2025) को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ टेलीफोन पर बातचीत की. उन्होंने कहा कि उन दोनों के बीच बातचीत बेहद अच्छी और प्रोडक्टिव रही. दोनों देशों के नेताओं के बीच यह बातचीत ऐसे समय पर हुई, जब राष्ट्रपति ट्रंप उसी दिन बाद में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फ्लोरिडा में मुलाकात करने वाले थे.
राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर दी जानकारी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस बात की जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट शेयर कर दी. उन्होंने कहा, ‘यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से आज रविवार (28 दिसंबर, 2025) को दोपहर 1 बजे होने वाली मेरी बैठक से पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मेरी टेलीफोन पर एक बेहद अच्छी और प्रोडक्टिव बातचीत हुई. यह बैठक फ्लोरिडा में मार-ए-लागो के मुख्य डाइनिंग रूम में होगी. प्रेस को भी आमंत्रित किया गया है. इस विषय पर ध्यान देने के लिए आपका धन्यवाद! राष्ट्रपति DJT.’
मार-ए-लागो में होगी ट्रंप-जेलेंस्की की बैठक
डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान उनकी और राष्ट्रपति जेलेंस्की के फ्लोरिडा स्थित मार-ए-लागो में होने वाली मुलाकात से करीब एक घंटे पहले आया. यह बैठक रूस और यूक्रेन युद्ध को पूरी तरह से खत्म करने की कोशिशों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से हो रही है. हालांकि, कई क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर गंभीर मतभेद अभी भी बने हुए हैं और रूस कीव पर लगातार सैन्य दबाव बनाए हुए है.
ट्रंप-जेलेंस्की की बैठक से पहले पुतिन का यूक्रेन पर बड़ा हमला
इस बातचीत से ठीक पहले रूस ने शनिवार (27 दिसंबर, 2025) को यूक्रेन पर बड़ा हवाई हमला किया. रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और अन्य इलाकों को निशाना बनाते हुए सैकड़ों मिसाइलें और ड्रोन दागे. रूस के भयानक हमलों के कारण राजधानी कीव के कुछ हिस्सों में बिजली और हीटिंग सप्लाई बाधित हो गई.
मार्क कार्नी के साथ बैठक में क्या बोले जेलेंस्की?
वहीं, नोवा स्कोटिया में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ एक बैठक के दौरान यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इन हमलों को अमेरिका के नेतृत्व में चल रहे शांति प्रयासों के प्रति मॉस्को की प्रतिक्रिया बताया. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि रूस ताकत के इस्तेमाल के जरिए बातचीत में अपनी स्थिति को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है.
यह भी पढ़ेंः ‘अगर कीव शांति नहीं चाहता है तो…’, ट्रंप और जेलेंस्की की मीटिंग से पहले पुतिन ने यूक्रेन को दे डाली बड़ी धमकी