ट्रंप ने जैसे ही वेनेजुएला पर एयरस्ट्राइक का किया ऐलान, रिपोर्टर ने सुबह 4.30 बजे ही लगा दिया फोन, जानें फिर क्या हुआ?


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार (3 जनवरी, 2026) को तड़के 4:21 बजे सोशल मीडिया पर वेनेजुएला में सैन्य कार्रवाई के बाद राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनकी पत्नी के साथ गिरफ्तार करने की जानकारी साझा की थी. ट्रंप के पोस्ट शेयर करने के करीब 10 मिनट बाद ही न्यूयॉर्क टाइम्स के व्हाइट हाउस रिपोर्टर टायलर पेजर ने राष्ट्रपति ट्रंप को फोन कर दिया. 

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जब पेजर ने ट्रंप को कॉल किया तो राष्ट्रपति ने तीन रिंग के बाद ही कॉल उठाया और दोनों के बीच बातचीत हुई. पेजर ने कहा कि वेनेजुएला में मौजूद उनके सहयोगी अनातोली कुर्मानायेव ने एक ग्रुप में मैसेज भेजा था कि कराकास पर बमबारी की गई है, इसकी वजह से शनिवार तड़के करीब 1 बजे उनकी नींद खुल गई थी.

राष्ट्रपति ट्रंप की फोन उठाने की आदत काफी चर्चित है

उन्होंने कहा, ‘जब पहली बार धमाकों की खबरें आईं, तभी हमें मजबूत अंदेशा हो गया था कि इसमें अमेरिका शामिल है.’ आधिकारिक पुष्टि सुबह 4:21 बजे हुई, जब ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर बताया कि मादुरो को पकड़ लिया गया है.

रिपोर्ट के मुताबिक, पेजर ने कहा, ‘मैंने उन्हें सीधे फोन किया और उन्होंने कॉल उठा लिया. मुझे ज्यादा हैरानी नहीं हुई क्योंकि राष्ट्रपति ट्रंप की फोन उठाने की आदतें काफी ज्यादा चर्चित हैं, वह अकसर पत्रकारों के फोन खुद उठा लेते हैं. राष्ट्रपति ने फोन पर हैलो कहा और मैंने बिना देर किए सवाल शुरू कर दिए. मैंने उन्हें बताया कि मैं NYT से बोल रहा हूं और इस ऑपरेशन को लेकर कुछ सवाल हैं.’

50 सेकंड में ट्रंप से पूछे चार सवाल

उन्होंने आगे कहा, ‘हमारी छोटी सी बातचीत में राष्ट्रपति ने यह शिकायत नहीं की कि मैंने उन्हें फोन किया है. हालांकि, उन्होंने मेरे सवालों का सीधा जवाब भी नहीं दिया और मुझे कुछ घंटों बाद होने वाली उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस देखने के लिए कह दिया.’ पेजर ने कहा, ‘मैं 50 सेकंड में चार सवाल ही पूछ पाया, इसके बाद राष्ट्रपति ने फोन काट दिया.’

अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पत्नी समेत गिरफ्तार कर लिया और उन्हें लाकर न्यूयॉर्क की जेल में रखा गया है. यहां उनके खिलाफ ड्रग्स समेत कई मामलों में मुकदमा चलाया जाएगा. ट्रंप ने क्लीयर कर दिया था कि जब तक वेनेजुएला में स्थिर सरकार नहीं होती, तबतक वाशिंगटन ही वेनेजुएला को चलाएगा. हालांकि फिलहाल वहां की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को वहां का अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त किया गया है.

यह भी पढ़ेंः ‘अगर हिम्मत है तो आओ और मुझे ले जाओ’, जब वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो ने डोनाल्ड ट्रंप को दी थी चुनौती, Video



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *