अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब अपने ही नागरिकों के बीच फैसलों के चलते घिरते नजर आ रहे हैं. हाल ही में हुए सर्वे में पता चला है कि अमेरिकी नागरिक ट्रंप के फैसलों से नाखुश हैं. वो ट्रंप के नेतृत्व को लेकर और देश चलाने के तौर तरीकों से नाराज हैं. इनमें मुख्य मुद्दे रोजगार, बाजार में उत्पादों की बढ़ती कीमतों, नौकरियों और दूसरे देशों के साथ रिश्ते शामिल हैं.
अमेरिका में यह सर्वे एबीसी न्यूज, वॉशिंगटन पोस्ट और इप्सोस पोल ने मिलकर किया है. हालांकि ये सर्वे सुप्रीम कोर्ट के टैरिफ पर दिए गए फैसले से तुरंत पहले ही किया गया था.
सर्वे में क्या आए नतीजे?
इसमें सामने आया है कि तीन में से दो अमेरिकी ट्रंप के महंगाई से निपटने के तौर तरीकों से नाराज हैं. इसके अलावा इम्पोर्टेड सामानों पर टैरिफ को लेकर लिए जा रहे फैसले पर 10 में से 6 लोग नाराज नजर आए. इसके अलावा 58% इमीग्रेशन के मुद्दे को निपटने के तौर तरीकों से नाराज दिखे हैं. साथ ही 57% का कहना है कि आर्थिक मुद्दों को और बेहतर तरीके से निपटा जा सकता है.
हालांकि, अमेरिकी कांग्रेस में डेमोक्रेट्स के बीच ट्रंप को लेकर कन्फ्यूजन देखा जा सकता है. जब उनसे पूछा गया कि बड़ी समस्याओं को हल करने के लिए किस पर ज्यादा भरोसा करते हैं, तो लोग ट्रंप को 33% और डेमाक्रेट्स को 31%, साथ ही दोनों में से कोई नहीं को लेकर 31% के बीच बंटे हुए नजर आए. कई अमेरिकी दोनों तरफ से नाखुश नजर आए हैं.
क्या ट्रंप के ऑफिस संभालने के बाद बिगड़े अमेरिका के हालात?
ट्रंप को सबसे कम रेटिंग डेमोक्रेट्स और इंडिपेंडेंट्स की तरफ से दी गई है. इनमें ज्यादातर मुद्दे पर नापसंद किया गया है. कुल मिलाकर ट्रंप को नापसंद रेटिंग लगभग 60% आई है. यह उनके दूसरे टर्म में ज्यादा है. ट्रंप के ऑफिस संभालने के बाद हालात और बिगड़े हैं, ऐसा लोगों का मानना है. 10 में से 3 ही उनके समर्थन में नजर आए हैं. वहीं, 22 प्रतिशत लोगों ने खुद को आर्थिक रूप से बेहतर बताया है. वहीं, अधिकतर का कहना है कि हालात वैसे ही हैं, या पहले से भी बुरे हैं. अमेरिका में यह पोल 2500 से ज्यादा एडल्ट्स के बीच किया गया. इसमें ट्रंप के फैसलों पर जनता बंटी हुई नजर आई है.