तुर्किए के सामने छोटी-सी शर्त और F-35 देने को तैयार अमेरिका, आखिर एर्दोगन पर इतने मेहरबान क्यों हैं डोनाल्ड ट्रंप?



अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तुर्किए को लेकर एक बड़ा दांव खेला है. उन्होंने संकेत दिया है कि तुर्किए को फिर से F-35 फाइटर जेट प्रोग्राम में शामिल किया जा सकता है. हालांकि इसके लिए उन्होंने साफ शर्त रखी है कि तुर्किए को यूक्रेन युद्ध खत्म कराने में मदद करनी होगी.

तुर्किए के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन ने हाल ही में व्हाइट हाउस का दौरा किया. यह उनकी 2019 के बाद पहली अमेरिकी यात्रा थी. बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि अगर वार्ता सफल रही तो तुर्किए पर S-400 को लेकर लगाए गए प्रतिबंध हट सकते हैं. तुर्किए को रूस से तेल और गैस खरीदना बंद करना होगा. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ तौर पर एर्दोगन से कहा है कि अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर व्लादिमीर पुतिन पर दबाव डालें और यूक्रेन युद्ध रोकें.

S-400 और F-35 विवाद

2019 में अमेरिका ने तुर्किए को F-35 प्रोग्राम से बाहर कर दिया था, क्योंकि उसने रूस से S-400 एयर डिफेंस सिस्टम खरीदा था. अमेरिकी विशेषज्ञों का कहना है कि अगर S-400 और F-35 साथ ऑपरेट हुए तो इसकी तकनीक रूस तक लीक हो सकती है. फिर भी एर्दोगन ने साफ कर दिया है कि वे F-35 जेट्स भी चाहते हैं और S-400 सिस्टम भी रखना चाहते हैं.

तुर्किए और रूस की बढ़ती नजदीकी

यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद जब नाटो देशों ने रूस पर प्रतिबंध लगाए, तब तुर्किए ने कोई कदम नहीं उठाया. वह अब भी रूस से कच्चा तेल और गैस खरीद रहा है. यूरोप के ब्रूगल संस्थान के मुताबिक, 2023 में तुर्किए -रूस व्यापार 52 अरब डॉलर तक पहुंच गया. इसी कारण अमेरिका चाहता है कि तुर्किए रूस से दूरी बनाए.

रिश्तों में नया मोड़?

अमेरिकी राजदूत टॉम बैरक ने संकेत दिया है कि साल के अंत तक तुर्किए पर लगे S-400 प्रतिबंध हट सकते हैं. ट्रंप और एर्दोगन ने अपने अधिकारियों को समाधान खोजने का निर्देश भी दिया है. अगर तुर्किए ट्रंप की शर्तें मान लेता है तो उसे फिर से F-35 जेट्स मिल सकते हैं और वह S-400 सिस्टम भी रख सकता है.

इजरायल की नाराजगी

इस पूरे घटनाक्रम में इजरायल भी अहम खिलाड़ी है. वह लंबे समय से अमेरिका पर दबाव डालता रहा है कि तुर्किए को F-35 जेट्स न दिए जाएं, लेकिन ट्रंप इस बार शायद इजरायल को भी चौंकाने के मूड में हैं.

ये भी पढ़ें: फार्मा के बाद अब इस सेक्टर पर ट्रंप की नजर, लगाएंगे भारी टैरिफ; क्या भारत पर होगा असर?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *