तेलंगाना के जगित्याल में दर्दनाक हादसा, स्कूली वैन पलटने से 15 छात्र घायल, मचा हड़कंप


तेलंगाना के जगित्याल जिले में आज (25 फरवरी) सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जब एक निजी स्कूल के छात्रों को लेकर जा रही टाटा मैजिक वैन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें करीब 15 विद्यार्थी घायल हो गए. हादसा मल्लापुर स्थित मॉडल स्कूल के पास हुआ, जहां ड्राइवर को गति और अनियंत्रित वाहन पर काबू पाने में विफल रहने के कारण यह दुर्घटना घटित हुई. 

मचा हड़कंप

सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और छात्रों की हालत देखकर उनके माता-पिता के होश उड़ गए. मिली जानकारी के अनुसार, यह वाहन क्षेत्र के एक प्राइवेट स्कूल के छात्रों को लेकर जा रहा था. वाहन में क्षमता से अधिक बच्चों के होने की बात सामने आ रही है, जिसके चलते अनियंत्रित होने के बाद दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया था. 

बच्चों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने बच्चों की जान बचाने के लिए कोई देरी नहीं की और वाहन को सही कर घायल बच्चों को बाहर निकाला. ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने मिलकर सभी घायल विद्यार्थियों को तत्काल मल्लापुर सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज शुरू कर दिया है. अस्पताल में बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है, हालांकि कुछ बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं.

हादसे से खड़े हुए गंभीर सवाल

यह हादसा उन गंभीर सवालों को फिर से उठा रहा है, जो स्कूली वाहनों की सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर समय-समय पर उठते रहते हैं. ग्रामीण इलाकों में अक्सर स्कूली वाहनों में बच्चों की भीड़ और सुरक्षा मानकों की अनदेखी देखने को मिलती है. टाटा मैजिक जैसे वाहनों का उपयोग अक्सर स्कूल बसों के रूप में किया जाता है, लेकिन कई बार इनकी गति और मरम्मत को लेकर लापरवाही बरती जाती है. 

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पिछले कुछ समय में तेलंगाना के विभिन्न जिलों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां ओवरलोडिंग और रेस दौड़़ने के चलते बच्चों की जान जोखिम में पड़ी है. अभिभावकों और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूली वाहनों की फिटनेस और ड्राइवरों के लाइसेंस की सख्त जांच की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वाहन चालक के खिलाफ उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

(इनपुट – शेख मोहसिन अली)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *