हाल ही में रूस ने ऐसी मिसाइल की टेस्टिंग की जो असीमित समय के लिए हवा में उड़ सकती है. इस नए हथियार प्रणाली के बीच रूस को धमकी मिली है. बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रैंकेन ने कहा है कि अगर रूस ने ब्रुसेल्स पर हमला करने की कोशिश की, तो NATO जवाब में मॉस्को को पूरी तरह तबाह कर देगा. बेल्जियम की पत्रिका Humo से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्हें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के हमले को लेकर कोई डर नहीं है, क्योंकि ऐसा कदम NATO के दिल पर हमला होगा और फिर ‘हम मॉस्को को दुनिया के नक्शे से मिटा देंगे.
परमाणु हमला नहीं करेंगे पुतिन- फ्रैंकेन का दावा
फ्रैंकेन ने कहा कि पुतिन जानते हैं कि रूस परमाणु हथियारों का इस्तेमाल नहीं कर सकता, क्योंकि ऐसा करने पर NATO की तरफ से पलटवार तय है. उन्होंने कहा, अगर रूस परमाणु हमला करता है, तो इसका मतलब दुनिया से रूस का अंत है.
रूस की ‘ग्रे जोन रणनीति’ पर जताई चिंता
बेल्जियम के मंत्री ने यह भी कहा कि उन्हें रूस के ‘गुप्त तरीकों’ से अधिक खतरा है. उनके अनुसार, रूस लिटिल ग्रीन मेन जैसे तरीकों से NATO देशों में अस्थिरता फैला सकता है, जैसे कि एस्टोनिया में रूसी-भाषी अल्पसंख्यकों को भड़काना और वहां कब्जा करने की कोशिश करना. यह 2014 में क्रीमिया पर कब्जे के दौरान इस्तेमाल की गई रूस की रणनीति का जिक्र था.