दिल्ली में लाल किले के पास हुए विस्फोट पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री आवास पर कैबिनेट कमिटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक हुई. इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, एनएसए अजित डोभाल शामिल हुए. इसमें सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई.
सीसीएस की बैठक बाद गृह मंत्री अमित शाह और पीएम मोदी की अलग से बैठक भी हुई. दिल्ली ब्लास्ट में जान गंवाने वालों को कैबिनेट मीटिंग में 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई.
दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास सोमवार (10 नवंबर 2025) को हुए धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई तो वहीं 20 से ज्यादा लोग घायल हैं. इस पर पीएम मोदी ने कहा कि इस ब्लास्ट के षड्यंत्र के तह तक भारतीय एजेंसियां जाएंगी और इसके पीछे के साजिशकर्ताओं को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा. इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार सभी लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा.
भूटान से लौटने के बाद पीएम मोदी ने बुधवार (12 नवंबर 2025) को एलएनजेपी अस्पताल में घायल लोगों से मुलाकात की और कहा अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘‘दिल्ली में बम विस्फोट में घायल हुए लोगों से मिलने एलएनजेपी अस्पताल गया. सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. इस साजिश के पीछे जो भी लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा.’’
(ये स्टोरी अपडेट की जा रही है…)