देशभर में धूमधाम से मनाई गई विजयादशमी, कहीं जलकर तो कहीं बारिश में गलकर गिरा रावण, Video



Dussehra 2025: देशभर में विजयादशमी का पर्व उल्लास और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया. हल्की बारिश और मौसम की चुनौतियों के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और रावण दहन कार्यक्रमों में भारी भीड़ जुटी. 

शिमला, पटना, मैसुरु से लेकर दिल्ली तक दशहरा धूमधाम से मनाया गया. इस पर्व ने लोगों को अच्छाई की बुराई का संदेश दिया. वहीं, दिल्ली में खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री मोदी को अपना कार्यक्रम रद्द करना पड़ा.

जाखू मंदिर में रावण दहन

शिमला के जाखू मंदिर परिसर में हर साल की तरह इस बार भी दशहरा उत्सव मनाया गया. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद पुतला दहन स्थल पहुंचे. यहां नाभा रामलीला मंडली द्वारा राम रावण युद्ध का मंचन किया गया. इसके बाद सीएम ने रिमोट का बटन दबाकर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया और दशहरा पर्व की बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह पर्व असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है.

 

#WATCH | शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, “दशहरा उत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कुल्लू में दशहरा उत्सव का शुभारंभ किया। यह बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव है और हम सभी को बुराई का त्याग कर अच्छे विचार और सोच… https://t.co/hdKDBBRIDs pic.twitter.com/4QWXrSodT9

पटना गांधी मैदान में उमड़ा जनसैलाब

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में गुरुवार शाम बारिश के बीच रावण दहन हुआ. यहां 80 फीट का रावण, 75 फीट का मेघनाद और 70 फीट का कुंभकर्ण का पुतला तैयार किया गया था. इस मौके पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा समेत कई मंत्री और गणमान्य लोग मौजूद रहे.

#WATCH | विजयादशमी: शहर-शहर जलते रावण की तस्वीर@Sheerin_sherry | https://t.co/smwhXURgtc#Dussehra #RavanDahan #Vijayadashmi2025 pic.twitter.com/tqWYMq0v2x

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भगवान राम और लक्ष्मण के स्वरूप का तिलक व आरती करने के बाद बारी बारी से तीनों पुतलों का दहन किया. इसके बाद आतिशबाजी हुई और पूरा गांधी मैदान जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा. बारिश के कारण पुतले को क्षति जरूर पहुंची थी, लेकिन उसे दुरुस्त कर कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.

गांधी मैदान और आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. 49 स्थानों पर 103 दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी तैनात थे. 128 सीसीटीवी कैमरे और 10 वॉच टावर बनाए गए थे. पटना के अलावा गया, मुजफ्फरपुर, छपरा समेत अन्य जिलों में भी रावण दहन हुआ.

मैसुरु दशहरा में शामिल हुए सीएम सिद्धरमैया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मैसुरु दशहरा शोभायात्रा की शुरुआत ‘नंदी ध्वज’ की पूजा कर की. उन्होंने बताया कि यह उनका बतौर मुख्यमंत्री आठवां मैसुरु दशहरा है. उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से उन्हें लगातार यह अवसर मिला है.

#WATCH कर्नाटक: मैसूर में मैसूर दशहरा 2025 का रंगारंग उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस उत्सव में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार भी मौजूद रहे। pic.twitter.com/madtGTOCwC

सीएम ने दशहरा को जनता का त्योहार बताते हुए कहा कि इस बार अधिक पर्यटक आए हैं, जिससे कार्यक्रम और खास हो गया. उन्होंने कहा कि इस बार का आयोजन बिना किसी घटना के संपन्न हुआ, इसके लिए उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की सराहना की.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी लिया हिस्सा

दिल्ली में श्री धार्मिक लीला समिति द्वारा आयोजित विजयादशमी उत्सव में रावण का पुतला जलाया गया. इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी मौजूद रहीं. लाल किले में आयोजित लव-कुश रामलीला में बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल ने रावण दहन किया.

 

बारिश की वजह से PM मोदी का कार्यक्रम हुआ रद्द

बारिश की वजह से दिल्ली में कई बड़े रावण दहन आयोजनों में बदलाव करना पड़ा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आईपी एक्सटेंशन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना था और सोनिया गांधी को लालकिला स्थित नव श्री धार्मिक रामलीला समिति के कार्यक्रम में शिरकत करनी थी. लेकिन खराब मौसम कारणों से दोनों नेताओं ने अपने कार्यक्रम रद्द कर दिए. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी अपना कार्यक्रम स्थगित कर दिया.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *