नेपाल में प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की कैबिनेट में शामिल हुए तीन नवनियुक्त मंत्री, सौंपा गया कार्यभार


नेपाल की कार्यवाहक प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने अपने मंत्रिमंडल में तीन मंत्रियों को शामिल किया है, जिन्हें सोमवार (15 सितंबर, 2025) को शपथ दिलाई गई. इस हिमालयी राष्ट्र की प्रथम महिला प्रधानमंत्री 73 वर्षीय सुशीला कार्की ने रविवार (14 सितंबर, 2025) को पदभार संभाला.

नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने रविवार (14 सितंबर, 2025) को ही कार्की की अनुशंसा पर नेपाल विद्युत प्राधिकरण के पूर्व प्रबंध निदेशक कुलमन घीसिंग, पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर खनाल और काठमांडू के महापौर बालेंद्र सलाहकार और वकील ओम प्रकाश आर्यल को मंत्री नियुक्त किया.

राष्ट्रपति कार्यालय के करीबी सूत्रों के अनुसार, नवनियुक्त मंत्रियों को काठमांडू के महाराजगंज क्षेत्र में शीतल निवास स्थित राष्ट्रपति कार्यालय में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

कौन-सा मंत्रालय संभालेंगे तीनों नवनियुक्त मंत्री

नवनियुक्त मंत्री घीसिंग ऊर्जा, जल संसाधन और शहरी विकास मंत्रालय का कार्यभार संभालेंगे, खनाल को वित्त मंत्री नियुक्त किया गया है जबकि आर्यल को कानून और गृह मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया है.

5 मार्च, 2026 को नेपाल में अगले संसदीय चुनाव

पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को कार्यवाहक सरकार का नेतृत्व करने के लिए आंदोलनकारी ‘जेन जेड’ समूह की अनुशंसा पर प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया था. देश में 5 मार्च, 2026 को नए चुनाव होंगे.

कार्की के शपथग्रहण के साथ खत्म हो गई नेपाल की राजनीतिक अनिश्चितता

सोशल मीडिया पर प्रतिबंध और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जेन जेड’ समूह के व्यापक विरोध प्रदर्शनों के बाद प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली ने पिछले मंगलवार (9 सितंबर, 2025) को अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिससे पैदा हुई राजनीतिक अनिश्चितता कार्की की ओर से 12 सितंबर को शपथ लिए जाने साथ ही समाप्त हो गई थी.

देशव्यापी विरोध प्रदर्शन में 72 लोगों की गई जान

ओली के इस्तीफे की मांग करते सैकड़ों प्रदर्शनकारियों की ओर से उनके कार्यालय में घुस जाने के कुछ ही देर बाद मंगलवार (9 सितंबर, 2025) को उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था. देशव्यापी विरोध प्रदर्शन में कम से कम 72 लोग मारे गए हैं.

कौन है जेन जेड पीढ़ी के लोग, जिन्होंने नेपाल में किया व्यापक प्रदर्शन

जेन जेड या जेन-जी उस पीढ़ी को कहा जाता है, जो साल 1997 से 2012 के बीच पैदा हुई है. यह वह युवा वर्ग है जो तकनीक, इंटरनेट और सोशल मीडिया के साथ बड़ा हुआ है. इन्हें डिजिटल नेटिव्स भी कहा जाता है, क्योंकि ये लोग आधुनिक प्रौद्योगिकी के तहत आने वाले स्मार्टफोन, इंटरनेट और सोशल मीडिया के उपयोग में महारथ रखते हैं.

यह भी पढ़ेंः इस्लामिक NATO सैन्य संगठन बनाने की तैयारी में मुस्लिम देश? कतर पर इजरायली हमले के बाद मिस्र ने रखा प्रस्ताव



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *