पहलगाम हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी की पत्नी से पीएम मोदी ने किया ये वादा, खुद ऐशान्या ने किया खुलासा


PM Modi Met Shubham Dwivedi Family: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (30 मई 2025) को अपने कानपुर दौरे के दौरान पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए कारोबारी शुभम द्विवेदी के परिजन से मुलाकात की. पीएम मोदी से मिलने के बाद शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशान्या द्विवेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने उनसे वादा किया है कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है.

ऐशान्या द्विवेदी ने बताया, ” पीएम मोदी ने कहा कि पूरा देश और सरकार हमारे साथ खड़ी है. पीएम बहुत दुखी थे, उन्होंने मुझसे पहलगाम आतंकी हमले के बारे में पूछा. पीएम कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई खत्म नहीं हुई है. उन्होंने हमें एक और मुलाकात का आश्वासन दिया.”

पीएम मोदी से मिलने के बाद शुभम द्विवेदी के पिता संजय द्विवेदी ने कहा, “हमारा परिवार आभार व्यक्त करता है क्योंकि पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में आतंकवाद के खिलाफ एक ऑपरेशन शुरू किया गया था. पाकिस्तान में आतंकवादी स्थलों को नष्ट कर दिया गया था. आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पूरा देश प्रधानमंत्री के साथ है. पीएम मोदी ने हमें बताया कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी. पीएम मोदी भावुक भी हुए.”

कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने एक सप्ताह पहले प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर नरेंद्र मोदी से पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी के परिवार से मिलने का अनुरोध किया था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 47,600 करोड़ की 15 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया.

पीएम मोदी ने कहा, “कानपुर में विकास का ये कार्यक्रम 24 अप्रैल को होने वाला था, लेकिन पहलगाम हमले के कारण मुझे अपना कानपुर दौरा रद्द करना पड़ा. पहलगाम के कायराना हमले में हमारे कानपुर के बेटे शुभम द्विवेदी भी बर्बरता का शिकार हुए. बेटी ऐशान्या की वो पीड़ा, वो कष्ट और भीतर का आक्रोश हम सब महसूस कर सकते हैं.”





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *