पाकिस्तान पर एक्शन लेंगे ट्रंप? हिंदू बलोच नेता ने कर डाली डिमांड, कहा- ‘वेनेजुएला की तरह यहां भी, आसिम मुनीर पर तुरंत…’


Dr. Tara Chand Appeals Donald Trump: अमेरिका में रह रहे बलूचिस्तान के वरिष्ठ नेता और बलूच अमेरिकन कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. तारा चंद ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बलूचों के समर्थन की खुली अपील की है. उन्होंने वेनेजुएला में हुई अमेरिकी कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा कि जिस तरह तानाशाही से वेनेजुएला के लोगों को बचाया गया, उसी तरह बलूचिस्तान के लोगों को भी आजादी और न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए.

डॉ. तारा चंद ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने वेनेजुएला में हस्तक्षेप कर वहां के लोगों को तानाशाही से राहत दी. अब उन्हें बलूचिस्तान के लोगों की आजादी की लड़ाई में भी समर्थन देना चाहिए. उन्होंने खास तौर पर पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

एक्स पर लिखा लंबा पोस्ट

बलूचिस्तान विधानसभा के पूर्व सदस्य और प्रांत सरकार में मंत्री रह चुके डॉ. तारा चंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा पोस्ट किया. इसमें उन्होंने सीधे राष्ट्रपति ट्रंप को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे वेनेजुएला के लोगों के साथ खड़े हुए, वैसे ही बलूचिस्तान के लोगों का भी साथ दें.

मुनीर और मादुरो एक जैसे: तारा चंद

डॉ. तारा चंद का कहना है कि वेनेजुएला के शासक निकोलस मादुरो ने अपने देश के प्राकृतिक संसाधनों को चीन को लूटने दिया. इसी तरह पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर भी बलूचिस्तान के बड़े प्राकृतिक और समुद्री संसाधनों को चीन और अन्य देशों को बेचकर भारी मुनाफा कमा रहे हैं. उनके मुताबिक, दोनों का तरीका और काम एक जैसा है.

‘डबल एजेंट की तरह काम कर रहे हैं आसिम मुनीर’

तारा चंद ने आरोप लगाया कि आसिम मुनीर डबल एजेंट की तरह काम कर रहे हैं. एक तरफ वे बलूचिस्तान के संसाधन चीन को बेच रहे हैं, और दूसरी ओर उन्हीं संसाधनों का इस्तेमाल अमेरिका को गुमराह करने के लिए कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे में ट्रंप को मुनीर के खिलाफ भी मादुरो जैसी सख्त कार्रवाई करनी चाहिए.

पाक सेना को बताया वैश्विक खतरा

डॉ. तारा चंद ने कहा कि मादुरो सरकार ड्रग तस्करी, हथियारों की तस्करी, बड़े पैमाने पर मानवाधिकार उल्लंघन और क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने में शामिल थी. इसी तरह पाकिस्तानी सेना भी कट्टरपंथ को बढ़ावा दे रही है, जो पूरी दुनिया की स्थिरता के लिए बड़ा खतरा है. उन्होंने याद दिलाया कि ओसामा बिन लादेन को भी पाक सेना के परिसर में पनाह मिली थी.

बलूचिस्तान में हत्याओं का आरोप

बलूच नेता ने आरोप लगाया कि आसिम मुनीर के नेतृत्व में पाकिस्तानी सेना बलूचिस्तान में रोज़ाना लोगों की हत्या कर रही है. उन्होंने कहा कि आसिम मुनीर को मानवता के खिलाफ अपराधों के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए और उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए. डॉ. तारा चंद ने कहा कि अन्य तानाशाहों की तरह आसिम मुनीर को भी पकड़ा जाना चाहिए, ताकि बलूचिस्तान के लोगों को न्याय, आजादी और अपनी जमीन व संसाधनों पर नियंत्रण का अधिकार मिल सके.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *