भूकंप के झटकों ने एक बार फिर से पाकिस्तान की धरती को दहलाकर रख दिया है. पाकिस्तान के स्वात जिले और उसके आस-पास के इलाके में बुधवार (15 अक्टूबर, 2025) को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं. पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा जिले में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए हैं. भूकंप के झटके महसूस होने के बाद अफरातफरी जैसी स्थिति देखी गई और लोग भागते हुए घरों और इमारतों से बाहर निकल आए.
रिक्टर स्केल पर 4.5 मापी गई भूंकप की तीव्रता
भूकंपीय केंद्र की शुरुआती डेटा के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4.5 मापी गई. वहीं, इस भूकंप का केंद्र हिंदू कुश पर्वत श्रृंखला में बताया जा रहा है. हिंदू कुश पर्वत श्रृंखला का इलाका टेक्टॉनिक प्लेटों की हलचल के कारण तीव्र भूकंपीय गतिविधियों के लिए जाना जाता है.
220 किमी की गहराई में भूकंप का केंद्र
हिंदू कुश पर्वत श्रृंखला में इस भूकंप की गहराई 220 किलोमीटर धरती की गहराई में दर्ज की गई. जिसके कारण ही इसका प्रभाव सतह पर अपेक्षाकृत कम रहा. हालांकि, इसके झटके व्यापक रूप से इलाके में महसूस किए गए.
किसी नुकसान में अभी तक नहीं है कोई सूचना
पाकिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए जाने के बाद स्थानीय प्रशासन मुस्तैद हो गई और स्थिति पर अपनी नजरें बनाए हुए है. हालांकि, अभी तक स्वात, खैबर पख्तूनख्वा या आस-पास के किसी भी जिले से किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है. स्थानीय प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे भूकंप के बाद आने वाले संभावित झटकों को लेकर पूरी तरह से सतर्क रहें.
21 घंटे पहले भी महसूस किए गए भूकंप के झटके
बुधवार (15 अक्टूबर, 2025) की शाम महसूस किए गए भूकंप के झटके के 21 घंटे पहले भी पाकिस्तान में भूकंप से धरती हिली थी. उस भूकंप के झटकों को पाकिस्तान के जुर्म, बदाखशान इलाके के साथ-साथ अफगानिस्तान तक महसूस किया गया था. रिक्टर स्केल में भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई थी, जिसका केंद्र धरती के 94 किलोमीटर गहराई में दर्ज किया गया.
यह भी पढ़ेंः ‘शहबाज से अपने जूते चमकवाते हैं ट्रंप…’, US राष्ट्रपति की चापलूसी पर पाकिस्तान में ही घिरे PM शरीफ; हो रही थू-थू