बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के मुखिया तारिक रहमान मंगलवार (17 फरवरी, 2026) को बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण समारोह के लिए 13 देशों को न्योता भेजा गया है, जिनमें भारत और पाकिस्तान भी शामिल हैं. हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसमें शामिल नहीं हो सकेंगे, उनकी जगह लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ढाका जाएंगे. जैसे ही ये खबर पाकिस्तान को लगी तो वहां के एक्सपर्ट ने उल्टी-सीधी बातें करनी शुरू कर दीं.
पाकिस्तानी एक्सपर्ट कमर चीमा ने तंज कसते हुए कहा कि जब पीएम मोदी के शपथ ग्रहण में बांग्लादेश की पीएम आई थीं, तो उनको भी जाना चाहिए. पाक एक्सपर्ट ने यह भी कहा है कि पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ भी ढाका नहीं जाएंगे. भारत में 16 फरवरी से एआई इंपेक्ट समिट शुरू हो गया है, जो 20 फरवरी तक चलेगा. समिट में शामिल होने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों भी भारत आएंगे. इसके चलते पीएम मोदी ढाका नहीं जाएंगे, लेकिन फिर भी पाक एक्सपर्ट बेतुकी बातें और दावे कर रहे हैं.
कमर चीमा ने भारत को न्योता भेजे जाने पर चिढ़ भी निकाली और कहा कि तारिक रहमान ने न्योता भेजकर बड़ी गलती की है, उन्हें तो पहले ही दिन भारत को लेकर कोई तगड़ा बयान जारी करना चाहिए था. शहबाज शरीफ के ढाका जाने पर कमर चीमा ने कहा कि पाकिस्तान पहले ये देखेगा कि बांग्लादेश की नई सरकार पाकिस्तान को क्या ऑफर देती है.
पाक एक्सपर्ट कमर चीमा ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री भी तारिक रहमान के शपथ ग्रहण में नहीं जाएंगे, वो पहले ये देखना चाहेंगे कि बांग्लादेश की नई सरकार उन्हें क्या ऑफर कर रही है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के अंदर भी ये चर्चाएं हैं कि डेढ़-पौने दो साल में मोहम्मद यूनुस पाकिस्तान नहीं आए, तो हमें भी देखना है कि तारिक रहमान टेबल के ऊपर हमारे लिए क्या लेकर आ रहे हैं.
कमर चीमा ने कहा कि बांग्लादेश इस वक्त हर किसी के लिए चुनौती है, उनकी इकोनॉमी का मसला है, उनके इंडिया के साथ मसले हैं, पाकिस्तान के साथ 50 साल पुराने ताल्लुकात को ठीक करना है, चीन को बताना है कि उनकी स्थिति क्या है.
उन्होंने कहा कि इंडिया का यूरोपीयन यूनियन के 27 देशों के साथ जो फ्री ट्रेड एग्रीमेंट हुआ है, उसमें बांग्लादेश की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को बड़ा खतरा है क्योंकि ईयू में चीन के बाद बांग्लादेश टेक्सटाइल का सबसे बड़ा एक्सपोर्टर है. कमर चीमा ने झूठा आरोप लगाया कि इंडिया ने बांग्लादेश के ऊपर एक सर्जिकल स्ट्राइक की हुई है कि इनकी इकोनॉमी खत्म कर दो. कमर चीमा ने कहा कि पाकिस्तान के ऊपर भी है, लेकिन हम मैनेज कर लेते हैं क्योंकि हम जीएसपी प्लस स्टेटस ले लेते हैं, वरना तो कुछ भी नहीं है, तो ये बहुत महत्वपूर्ण है.