अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर नाराजगी जताई. ट्रंप ने कहा कि पुतिन ने उन्हें ‘सचमुच निराश किया’ और युद्ध को खत्म करने में नाकाम रहे. ट्रंप ने चेतावनी दी कि अमेरिका रूस पर और कड़े कदम उठा सकता है.
अच्छे रिश्तों के बावजूद निराशा- ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि उनका पुतिन के साथ लंबे समय से अच्छा संबंध रहा है, लेकिन यूक्रेन युद्ध ने स्थिति बदल दी है. उन्होंने कहा कि पुतिन की नाकामी ने उन्हें बेहद निराश किया है और अब अमेरिका को ‘बहुत सख्त रुख’ अपनाना पड़ सकता है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने संकेत दिए कि रूस पर और कड़े प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं. इसमें रूसी बैंकों और तेल कारोबार पर प्रतिबंध शामिल हो सकता है. हालांकि, उन्होंने अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं की.
पुतिन ने मेरा भरोसा तोड़ा- ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि पुतिन के साथ उनके संबंधों को देखते हुए, उन्हें लगता था कि यूक्रेन युद्ध को सुलझाना सबसे आसान होगा. ट्रंप ने आगे कहा- ‘जिस एक को मैंने सबसे आसान सोचा था, वह… मेरे राष्ट्रपति पुतिन के साथ संबंधों के कारण… लेकिन उन्होंने मुझे निराश किया है और मेरा भरोसा तोड़ा.’
बकिंघमशायर स्थित चेकरर्स में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने यूक्रेन और गाजा में जारी संघर्षों पर चर्चा करते हुए कहा कि वे इन मुद्दों को सुलझाने के लिए ‘कड़ी मेहनत कर रहे हैं. हालात जटिल हैं, लेकिन समाधान जरूर निकलेगा.’
रूस और यूक्रेन का युद्ध जारी
उधर, रूस के शीर्ष जनरल वैलेरी गेरासिमोव ने दावा किया कि उनकी सेना यूक्रेन में लगभग सभी दिशाओं में आगे बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि पूर्वी डोनेट्स्क के पोक्रोव्स्क क्षेत्र में सबसे ज्यादा लड़ाई हो रही है, जहां यूक्रेनी सेना अपनी सबसे प्रशिक्षित यूनिट्स झोंक रही है.
यूक्रेन का पलटवार
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूसी दावे को खारिज किया. उनका कहना है कि रूस ने हाल के हमलों के बावजूद कोई बड़ी प्रगति नहीं की है और यूक्रेनी सेना मोर्चों पर मजबूती से डटी हुई है.