‘फॉर्मेट, स्थान और तारीखें भले ही बदल जाएं, लेकिन नतीजा एक जैसा रहेगा’, T-20 क्रिकेट में PAK की हार पर बोले अमित शाह


भारत ने पाकिस्तान को आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मुकाबले में 61 रन से रौंदा. टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत के साथ भारत ने सुपर-8 में प्रवेश कर लिया है. टी20 विश्व कप में यह भारत की पाकिस्तान के खिलाफ नौ मैचों में आठवीं जीत है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पाकिस्तान धूल चटाने के बाद भारतीय टीम को बधाई दी है.

भारत बनाम पाकिस्तान का नतीजा हमेशा एक जैसा: अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘शानदार खेला टीम इंडिया. फॉर्मेट, स्थान और तारीखें भले ही बदल जाएं, लेकिन भारत बनाम पाकिस्तान का नतीजा हमेशा एक जैसा रहेगा. पूरी टीम को बधाई.’ केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा, ‘भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान के विरुद्ध शानदार प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की. टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों को इस बेहतरीन जीत के लिए हार्दिक शुभकामनाएं. आपके जुनून, अनुशासन और टीमवर्क ने एक बार फिर देश का मान बढ़ाया है. यह जीत हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है.’

ईशान की तूफानी बैटिंग में उड़ा पाकिस्तान

भारत ने टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में यूएसए के खिलाफ 29 रन से जीत दर्ज की थी, जिसके बाद नामीबिया को 93 रन से रौंदा. अब भारतीय टीम नीदरलैंड के खिलाफ 18 फरवरी को अपना अंतिम लीग मैच खेलेगी. रविवार को टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए. टीम इंडिया को महज 1 के स्कोर पर अभिषेक शर्मा (0) के रूप में बड़ा झटका लगा, लेकिन इसके बाद ईशान किशन ने मोर्चा संभाल लिया. ईशान ने तिलक वर्मा (25) के साथ 46 गेंदों में 87 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 88 के स्कोर तक पहुंचा दिया. ईशान 40 गेंदों में 3 छक्कों और 10 चौकों के साथ 77 रन बनाकर आउट हुए.

पाकिस्तान की टीम 114 रन पर सिमट गई

ईशान के आउट होने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तिलक वर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 रन, जबकि शिवम दुबे के साथ पांचवें विकेट के लिए 33 रन जुटाए. सूर्या 29 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शिवम दुबे ने 27 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. रिंकू सिंह ने 4 गेंदों में 11 रन की नाबाद पारी खेली. इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम 18 ओवरों में 114 रन पर सिमट गई. पाकिस्तान को पारी की चौथी गेंद पर साहिबजादा फरहान (0) के रूप में बड़ा झटका लगा. उस समय तक पाकिस्तान का खाता भी नहीं खुल सका था.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *