बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या पर भड़के रॉबर्ट वाड्रा, बोले- ‘बलि नहीं चढ़ाया जा सकता….’


बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों को लेकर कारोबारी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों की वह कड़े शब्दों में निंदा करते हैं. वाड्रा ने साफ कहा कि किसी देश की राजनीतिक अस्थिरता, प्रशासन की नाकामी या वैचारिक बदलाव किसी भी समुदाय पर हिंसा को सही नहीं ठहरा सकते.

सरकार की विफलता को बताया जिम्मेदार
रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि यह पूरी तरह अस्वीकार्य है कि किसी दूसरे देश की आंतरिक अव्यवस्था का नुकसान भारतीयों, खासकर हिंदुओं को उठाना पड़े. उन्होंने जोर देकर कहा कि मानवाधिकारों और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को किसी भी हालत में राजनीतिक अराजकता की भेंट नहीं चढ़ाया जा सकता.

लगातार सामने आ रही हैं हिंसा की खबरें
वाड्रा का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर लगातार हमलों की खबरें सामने आ रही हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले तीन हफ्तों में हिंदू समुदाय के 5 लोगों की अलग-अलग हिंसक घटनाओं में मौत हो चुकी है.

जेस्सोर में हिंदू पत्रकार की हत्या
सोमवार शाम को बांग्लादेश के जेस्सोर जिले के मोनिरामपुर इलाके में एक और हिंदू व्यक्ति की कथित तौर पर सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान राणा प्रताप बैरागी के रूप में हुई है, जो एक स्थानीय अखबार के कार्यवाहक संपादक भी बताए जा रहे हैं.

पुलिस का पक्ष क्या है?
हालांकि पुलिस का कहना है कि राणा प्रताप बैरागी के खिलाफ हत्या, बलात्कार और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत अलग-अलग थानों में तीन मामले दर्ज थे. यह घटना मोनिरामपुर उपजिले के एक बाजार में हुई.

जांच जारी, वजह अब भी साफ नहीं
राणा प्रताप बैरागी की हत्या को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है, लेकिन उनकी हत्या की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *