बांग्लादेश के एक और हिंदू शख्स की हत्या का मामला सामने आया है. यहां कार से एक शख्स को कुचलने के बाद अब केले व्यवसायी की हत्या ने सनसनी फैला दी है. गाजीपुर में केले को लेकर हुए विवाद के बाद एक हिंदू व्यवसायी को तीन लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला. यह जानकारी स्थानीय मीडिया ने दी है. खबरों के मुताबिक आरोपी एक ही परिवार के सदस्य हैं. अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है कि गाजीपुर जिले के कालीगंज इलाके में शनिवार को हुई घटना का संबंध बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हाल ही में हुई हिंसा की घटनाओं से है या नहीं.
‘पीड़ित होटल का मालिक था’
द डेली स्टार की खबर के अनुसार, ‘पीड़ित की पहचान लिटन चंद्र घोष (55) के तौर पर हुई है जो बैशाखी स्वीटमीट एंड होटल का मालिक था.’
आरोपियों को हिरासत में लिया गया
कालीगंज पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी जाकिर हुसैन के अनुसार, ‘एक परिवार के तीन सदस्यों स्वपन मियां (55), उसकी पत्नी माजेदा खातून (45) और उनके बेटे मासूम मियां (28) को हत्या में शामिल होने के आरोपों में हिरासत में लिया गया है.’
केले के गुच्छे को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस ने बताया कि मासूम केले के बागान का मालिक है और उसमें से केले का एक गुच्छा गायब हो गया था. पुलिस ने बताया कि तलाश के दौरान उसने केले लिटन के होटल में देखे और इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई. पुलिस ने बताया, ‘आरोपी ने लिटन को घूंसे और लात मारकर गिरा दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.’
परिवार के लोगों ने क्या बताया?
लिटन के परिवार ने बताया कि मासूम करीब 11 बजे होटल आया था और उस समय उसका होटल के एक कर्मचारी से मामूली बात पर झगड़ा हो गया. परिवार ने बताया कि बाद में मासूम के माता-पिता भी वहां आ गए और झगड़े में शामिल हो गए. खबर के अनुसार, पुलिस घटना की जांच कर रही है.