बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान! अफगानिस्तान पर फिर किया अटैक, काबुल समेत कई शहरों को बनाया निशाना



पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हाल ही में बढ़ते तनाव ने एक बार फिर से क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. एक बार फिर पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की हवाई सीमा का उल्लंघन किया है. पाकिस्तानी बलों ने पक्तिका प्रांत के मरघा इलाके में एक नागरिक बाजार को निशाना बनाया, जो दुरंड रेखा के पास स्थित है. इतना ही नहीं, पाकिस्तानी वायुसेना ने राजधानी काबुल के ऊपर भी हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया.

अफगान अधिकारियों ने की हमले की निंदा
अफगान अधिकारियों ने इस घटना को अब तक का सबसे गंभीर और निंदनीय कृत्य बताया है. उन्होंने कहा कि यह अफगानिस्तान और पाकिस्तान के इतिहास में अभूतपूर्व, हिंसक और निंदनीय कार्रवाई है. अफगान प्रशासन ने कहा, ‘हम इस तरह के उल्लंघन की कड़ी निंदा करते हैं. अफगानिस्तान की संप्रभुता की रक्षा करना हमारा वैध अधिकार है.’ अफगानिस्तान ने चेतावनी दी है कि अगर ऐसी कार्रवाई दोहराई गई तो इसके परिणाम पाकिस्तानी सेना को भुगतने होंगे.

पहले भी की थी एयरस्ट्राइक
इससे पहले गुरुवार रात पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के कई ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी. पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरस्ट्राइक का मकसद टीटीपी के चीफ मुफ्ती नूर वली महसूद को निशाना बनाना था.

तालिबान के विदेश मंत्री ने दी चेतावनी 
इन हमलों के बाद अफगानिस्तान ने कड़े शब्दों में प्रतिक्रिया दी. तालिबान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी ने कहा, ‘पाकिस्तान को हमारे साथ खेल खेलना बंद कर देना चाहिए. अफगानिस्तान को ज्यादा मत उकसाओ. अगर तुम ऐसा करते हो, तो एक बार ब्रिटेन और अमेरिका से पूछ लो, वे तुम्हें समझा देंगे कि अफगानिस्तान के साथ ऐसे खेल खेलना ठीक नहीं है. हम एक कूटनीतिक रास्ता चाहते हैं.’

वहीं, अफगान मीडिया टोलो न्यूज ने मुफ्ती नूर वली महसूद का एक ऑडियो संदेश जारी किया है, जिसमें वह दावा कर रहे हैं कि हम पर किसी तरह का हमला नहीं हुआ है.

भारत दौरे पर हैं तालिबान के विदेश मंत्री मुत्तकी
यह एयरस्ट्राइक ऐसे समय में हुई है जब तालिबान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी भारत दौरे पर हैं. यह दौरा करीब सात दिन का है और इस दौरान भारत अफगानिस्तान संबंधों और क्षेत्रीय स्थिरता पर चर्चा की जा रही है. इस पूरे घटनाक्रम के बाद अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *