बांग्लादेश चुनाव में मिली बंपर जीत के बाद पहली बार बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) चीफ तारिक रहमान ने देशवासियों का आभार जताया. उन्होंने इसे देश, लोकतंत्र और जनता की उम्मीदों की जीत करार दिया. बीएनपी की जीत के बाद इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि पश्चिम एशिया के देशों से और खासकर भारत के साथ उनके संबंध कैसे रहेंगे. तारिक रहमान ने कहा कि उनकी पार्टी चीन, भारत और पाकिस्तान के साथ अपने संबंधों में बांग्लादेश के हितों की रक्षा करने वाली विदेश नीति का पालन करेगी.
शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर क्या बोले तारिक रहमान?
तारिक रहमान ने कहा कि बांग्लादेश की विदेश नीति उसके लोगों के हितों से तय होगी. जब उनसे पूछा गया कि क्या बीएनपी भारत से शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग करेगी तो उन्होंने कहा, ‘यह कानूनी प्रक्रिया पर निर्भर करता है.’
उन्होंने कहा, ‘हमारे सामने कई चुनौतियां हैं. हमारी अर्थव्यवस्था चुनौतियों का सामना कर रही है और देश की कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है. हमें जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी. पिछली सरकार ने लगभग सभी संस्थानों का राजनीतिकरण कर दिया था इसलिए हमें सुशासन सुनिश्चित करना होगा.’ उन्होंने कहा कि हम बांग्लादेश में नए निवेश लाएंगे, जिससे रोजगार के अवसर पैदा होंगे.
चीन के साथ संबंधों पर तारिक रहमान का रिएक्शन
बांग्लादेश के चीन के साथ संबंधों और बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव पर तारिक ने कहा, ‘हम बांग्लादेश के लोगों के हितों की रक्षा करेंगे. अगर कोई बात बांग्लादेश के हित में नहीं है तो स्वाभाविक रूप से हम उसके साथ नहीं चलेंगे. मुझे विश्वास है कि आपसी हित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव से अगर बांग्लादेश को फायदा होता है और अर्थव्यवस्था को सहारा मिलता है, तो हम फैसला लेंगे’
दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (SAARC) को लेकर उन्होंने कहा, ‘इसकी स्थापना बांग्लादेश की पहल पर हुई थी. हम चाहते हैं कि यह काम करे. हम अपने मित्र देशों से चर्चा करेंगे और SAARC को पुनर्जीवित करने का प्रयास करेंगे.’
हमारी सरकार कानून व्यवस्था ठीक करेगी: तारिक रहमान
तारिक रहमान ने कहा, ‘यह जीत बांग्लादेश की है, लोकतंत्र की है और लोगों की उम्मीदों की है. मैं बांग्लादेश के लोगों को लोकतंत्र स्थापित करने में आई रुकावटों को पार करने के लिए बधाई देता हूं.’ उन्होंने आगे कहा, ‘फासीवादी सरकार के संविधान और लोकतांत्रिक सिद्धांतों की अनदेखी नाकाम हो गई है. हमारी सरकार अब पूरे देश में कानून और पक्की सुरक्षा व्यवस्था करेगी.’