मादुरो की गिरफ्तारी के बाद वेनेजुएला आर्मी का पहला रिएक्शन, डेल्सी रोड्रिगेज को किया सपोर्ट, नागरिकों से की ये अपील


अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद वहां की सुप्रीम कोर्ट ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोडिग्रेज को अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में काम करने का आदेश दिया है.  रोडिग्रेज को वेनेजुएला की मिलिट्री का समर्थन मिला है. आर्मी ने अपने नागरिकों से भी अपील की है. 

समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, रक्षा मंत्री व्लादिमीर पैड्रिनो ने एक बयान जारी कर सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले का समर्थन किया है, जिसमें रोड्रिगेज को 90 दिनों के लिए अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त किया गया है.

अमेरिकी सेना की ओर से निकोलस मादुरो को गिरफ्तार करने के बाद वेनेजुएला के आर्मी चीफ ने नागरिकों से अपील की है. उन्होंने कहा कि लोग अपनी रोजाना की सामान्य गतिविधियों को फिर से शुरू करें.

वेनेजुएला के रक्षामंत्री ने टीवी भाषण में क्या कहा?
 
रक्षा मंत्री व्लादिमीर पैड्रिनो लोपेज ने टीवी पर प्रसारित अपने भाषण में कहा, ‘मैं वेनेजुएला के लोगों से आने वाले दिनों में आर्थिक, कार्य और शिक्षा सहित सभी प्रकार की गतिविधियों को फिर से शुरू करने की अपील करता हूं.’

यह घटना अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के उस बयान के कुछ घंटों बाद सामने आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाने के बाद वेनेजुएला में चुनाव कराने पर चर्चा करना ‘समय से पहले’ है. उन्होंने कहा कि ट्रंप प्रशासन का ध्यान इस बात पर केंद्रित है कि कराकस में शेष नेतृत्व नीतिगत बदलावों को लागू करे.

मार्को रुबियो के बयान के बाद आया वेनेजुएला आर्मी का रिएक्शन

जब रूबियो से पूछा गया कि शनिवार को अमेरिकी सेना द्वारा मादुरो को पकड़े जाने के बाद वेनेजुएला में चुनाव कितनी जल्दी होंगे तो उन्होंने एनबीसी के ‘मीट द प्रेस’ कार्यक्रम में कहा, ‘मुझे लगता है कि इस समय यह सब कहना जल्दबाजी होगी.’

एएफपी के अनुसार, उन्होंने कहा, ‘फिलहाल हमारा ध्यान उन सभी समस्याओं पर है जो मादुरो के शासनकाल में थीं. उन समस्याओं का समाधान होना अभी भी बाकी है. हम लोगों को उन चुनौतियों और समस्याओं का समाधान करने का अवसर देंगे.’

अमेरिकी हमले में वेनेजुएला के 40 लोगों की मौत

ट्रंप ने शनिवार को कहा था अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला में एक बड़ा हमला किया है, जिसमें राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी, सिलिया फ्लोरेस को पकड़ लिया गया है. यह कार्रवाई कराकस पर तड़के हुए हमलों के बाद की गई, जिसमें कम से कम 40 लोग मारे गए. अब न्यूयॉर्क में मादुरो और उनकी पत्नी पर आतंकवाद और मादक पदार्थों के आरोप में मुकदमा चलाया जा रहा है, जिसमें ट्रंप ने मादुरो पर ‘नारको आतंकवादी संगठन’ चलाने का आरोप लगाया है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *