पाकिस्तान दुनियाभर में इस बात को लेकर बदनाम है कि वहां की सरकार आर्मी के इशारे पर काम करती है. पाकिस्तान की मौजूदा राजनीति हालात को देखें तो प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सरकार में फील्ड मार्शल का हस्तक्षेप इतना बढ़ गया है कि वे खुद ही अमेरिका जाकर डोनाल्ड ट्रंप के साथ मीटिंग में भाग लेने लगे हैं. कई मौकों पर पाकिस्तानी सेना की पोल खोल चुके वहां के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि आसिम मुनीर उनके बॉस नहीं हैं.
क्या मुनीर चला रहे पाकिस्तान की सरकार?
फ्रांस 24 इंग्लिश को दिए इंटरव्यू में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक बार फिर खुलकर अपनी बात रखी. उनसे पूछा गया, ‘क्या ट्रंप के फेवरेट फील्ड मार्शल आसिम मुनीर पाकिस्तान की सरकार चला रहे हैं?’ इसके जवाब में ख्वाजा आसिफ ने कहा, ‘पाकिस्तान में एक व्यवस्था है. हमारा इतिहास सरकार पर सेना के नियंत्रण का रहा है. एक समय था जब सेना ने हमारी व्यवस्था में दखल दिया और सत्ता की बागडोर अपने हाथ में ले ली थी.’
आसिम मुनीर मेरे बॉस नहीं: ख्वाजा आसिफ
ख्वाजा आसिफ से पूछा गया कि क्या पाकिस्तान में अब भी सेना का नियंत्रण है? इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘अब ऐसा नहीं है. मौजूदा समय में हम अफगानिस्तान, आतंकवाद और भारत से खतरा और कमजोर पड़ी अर्थव्यवस्था का सामना कर रहे हैं. पाकिस्तानी सेना अब हमारी सरकार को सहयोग दे रही है.’ इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि क्या फील्ड मार्शल आसिम मुनीर उनके बॉस हैं? इस पर उन्होंने कहा, ‘नहीं, वे मेरे बॉस नहीं हैं. मेरे बॉस पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ हैं.’
सुर्खियों में रहे ख्वाजा आसिफ के बयान
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने हाल ही में बयान दिया कि उनका देश अफगानिस्तान में ‘भाड़े की फौज’ की तरह काम कर रहा था. यह पाकिस्तान की नीति में हुई बड़ी विफलता को सीधे तौर पर स्वीकार करने जैसा है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने अपनी गलती अभी तक पूरी तरह से स्वीकार नहीं की है और अब वही दोहराई जा रही है.