अमेरिका ने वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को 3 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया, जिसके बाद वहां की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने इस मामले पर खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने ये भी साफ किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से उनकी पिछली बात अक्टूबर 2025 में हुई थी और तब से वह उनके संपर्क में नहीं हैं.
वेनेजुएला पर हमले के वक्त कहां थीं मचाडो
फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में कोरिना मचाडो ने बताया कि 10 अक्टूबर 2025 को नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा हुई थी और उसी दिन उन्होंने ट्रंप से आखिरी बार बात की थी. मचाडो को अब अपदस्थ वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का सबसे विश्वसनीय प्रतिद्वंद्वी माना जाता है. वह पिछले महीने नोबेल पुरस्कार स्वीकार करने के लिए नॉर्वे गई थीं और तब से वापस नहीं लौटीं. जब उनसे वेनेजुएला लौटने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘मैं जल्द से जल्द घर वापस जाने की योजना बना रही हूं.’
मचाडो ने अमेरिकी कार्रवाई का स्वागत किया
उन्होंने मादुरो के खिलाफ अमेरिकी कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे मानवता, स्वतंत्रता और मानवीय गरिमा के लिए एक बहुत बड़ा कदम बताया. वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने सोमवार (5 जनवरी 2026) को अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली. ट्रंप ने शनिवार (3 जनवरी 2026) को मचाडो के साथ मिलकर काम करने से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें देश के भीतर न तो समर्थन प्राप्त है और न ही सम्मान.
अमेरिकी कोर्ट में मादुरों ने खुद को निर्दोष बताया
निकोलस मादुरो के बेटे निकोलस मादुरो गुएरा ने अपने पिता की गिरफ्तारी के बाद कहा कि इतिहास बताएगा कि गद्दार कौन था. उन्होंने सत्ताधारी दल के भीतर संभावित विश्वासघात की चेतावनी दी और पार्टी को एकजुट रहने का आह्वान किया. मादुरो और उनकी पत्नी ने सोमवार (5 जनवरी 2025) को संघीय अदालत में ड्रग तस्करी समेत अन्य गंभीर आरोपों पर खुद को निर्दोष बताया. उन्होंने जज के सामने कहा कि वह अभी भी वेनेजुएला के राष्ट्रपति हैं.
वेनेजुएला के तेल पर अमेरिका की नजर
वेनेजुएला के पास दुनिया का सबसे बड़ा तेल भंडार है-303 अरब बैरल, जो वैश्विक भंडार का करीब 20 प्रतिशत है और सऊदी अरब से भी अधिक है. अमेरिकी विशेष बलों की कराकस में कार्रवाई के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अब संयुक्त राज्य अमेरिका वेनेजुएला को चलाएगा जिसमें उसके प्रचुर तेल संसाधन भी शामिल हैं. ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी कंपनियां वेनेजुएला के जर्जर तेल बुनियादी ढांचे के उन्नयन के लिए अरबों डॉलर का निवेश करने को तैयार हैं और इससे “देश के लिए पैसा कमाया जाएगा.