यूरोपीय यूनियन (EU) की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने गुरुवार (4 सितंबर 2025) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की. इस दौरान दोनों नेताओं ने प्रस्तावित भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. उर्सुला वॉन ने कहा कि यूक्रेन जंग को समाप्त करने में भारत महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.
‘शांति स्थापित करने में भारत की भूमिका जरूरी’
उर्सुला वॉन ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करके खुशी हुई. हम यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के साथ भारत के जुड़ाव का हार्दिक स्वागत करते हैं.” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि रूस के आक्रमक युद्ध को समाप्त करने और शांति स्थापित करने में भारत की भूमिका बहुत जरूरी है. उन्होंने इस जंग को वैश्विक चिंता बताते हुए कहा कि इससे आर्थिक स्थिरता को नुकसान पहुंचेगा इसलिए यह पूरी दुनिया के लिए जोखिम भरा है.
भारत-EU द्विपक्षीय संबंधों पर हुई बात
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उन्होंने व्यापार, टेक्नोलॉजी, निवेश, इनोवेशन, डिफेंस, सिक्योरिटी और सप्लाई चैन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति का स्वागत किया. दोनों नेताओं ने व्यापार समझौते के लिए वार्ता को जल्द पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई. पीएम मोदी ने ईयू के शीर्ष नेता एंटोनियो कोस्टा से भी बात की और अगले भारत-यूरोपीय यूनियन शिखर सम्मेलन के जल्द से जल्द भारत में आयोजन पर चर्चा की. प्रधानमंत्री ने दोनों नेताओं को इसके लिए भारत आमंत्रित किया.
भारत 8 सितंबर को नई दिल्ली में यूरोपीय यूनियन के साथ एफटीए वार्ता का 13वां दौर शुरू करेगा. इससे पहले इस साल के शुरू में ब्रुसेल्स में यह वार्ता हुई थी. दोनों पक्षों ने आठ साल के अंतराल के बाद जून 2022 में फिर से बातचीत शुरू की थी. बाजार में पहुंच को लेकर मतभेदों के कारण 2013 में यह प्रक्रिया रुक गई थी.
ये भी पढ़ें : ‘बच्चों की टॉफियों पर भी कांग्रेस लगाती थी 21 परसेंट टैक्स, मैंने किया होता तो…’, GST में बदलाव पर बोले पीएम मोदी