यूरोप के हवाई अड्डों पर हो गया साइबर अटैक! विमान परिचालन पर पड़ा असर, एअर इंडिया ने जारी की एडवायजरी


यूरोप के हवाई अड्डों पर शनिवार (20 सितंबर, 2025) को बड़ा साइबर अटैक हो गया. इस हमले को लेकर एयर इंडिया एयरलाइन ने एक ट्रैवल एडवायजरी जारी की है. दरअसल, यह साइबर हमला यूरोप के कई प्रमुख हवाई अड्डों पर हुआ है, जिसमें लंदन का हीथ्रो एयरपोर्ट भी शामिल है. इस साइबर अटैक ने हवाई अड्डों पर चेक-इन और बोर्डिंग सिस्टम को काफी ज्यादा प्रभावित किया है.

एअर इंडिया ने अपनी एडवायजरी में कहा कि यह परेशानी उसके थर्ड-पार्टी सर्विस प्रोवाइडर कॉलिंस एयरोस्पेस पर हुए हमले के कारण हुआ है. इस चेक-इन प्रक्रिया में देरी हो सकती है. हालांकि, कंपनी ने इस बात का भी आश्वासन दिया है कि उसकी ग्राउंड टीम लंदन में लगातार काम कर रही है, ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो.

एयरलाइन ने एक्स प्लेटफॉर्म पर जारी किया अपडेट

एअर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक अपडेट जारी कर कहा, ‘हीथ्रो में एक थर्ड-पार्टी पैसेंजर सिस्टम में आई दिक्कत के कारण चेक-इन प्रक्रिया में देरी हो सकती है. हमारी ग्राउंड टीम लंदन में यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए लगातार कोशिश कर रही है. लंदन से आज हमारे साथ यात्रा करने वाले यात्री कृपया हवाई अड्डे पहुंचने से पहले वेब चेक-इन कर लें, ताकि उन्हें आगे कोई परेशानी न हो और सुगम अनुभव मिल सके.’

साइबर हमले के बाद यूरोप के हवाई अड्डों पर उड़ाने प्रभावित

एडवायजरी में कहा गया, ‘एक साइबर अटैक के बाद ब्रूसेल्स, लंदन हीथ्रो और बर्लिन सहित यूरोप के कई प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ानों में देरी और कैसिलेशन की स्थिति बन गई. यह हमला कॉलिंस एयरोस्पेस पर हुआ, जो कई हवाई अड्डों के लिए चेक-इन और बोर्डिंग सिस्टम उपलब्ध कराती है. ब्रूसेल्स एयरपोर्ट ने बयान जारी कर इस बात की पुष्टि की कि शुक्रवार (19 सितंबर, 2025) को देर रात हुए हमले के कारण उसके ऑटोमेटेड सिस्टम बंद हो गए और सिर्फ मैनुअल चेक-इन और बोर्डिंग संभव हो पाया.

वहीं, लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट ने कहा कि कॉलिंस एयरोस्पेस कुछ तकनीकी समस्या का सामना कर रही है, जिसके कारण यात्रियों को परेशानी हो रही है.

यह भी पढ़ेंः ट्रंप के ‘वीजा बम’ से मचा कोहराम, भारत-US की फ्लाइट के किराये में उछाल, हवाई अड्डों पर अफरा-तफरी





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *