रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध अब भीषण रूप लेता जा रहा है. रूसी सेना ने दावा किया कि उन्होंने यूक्रेन का F-16 फाइटर जेट भी मार गिराया है. इस जेट का गिरना यूक्रेन के साथ-साथ अमेरिका के लिए भी बड़ा झटका है. एफ-16 अमेरिका का मल्टी रोल लड़ाकू विमान है. रूस ने दावा किया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने दो मिसाइल में ही इस फाइटर जेट को पूरी तरह तबाह कर दिया.
रूसी कमांडर ने क्या बताया?
रसिया 1 टीवी को दिए इंटरव्यू में एक रूसी कमांडर ने कहा कि उनके एस-300 एयर डिफेंस सिस्टम ने एफ-16 फाइटर जेट का मार गिराया. उन्होंने कहा कि अमेरिका की ओर से यूक्रेन को आपूर्ति किया गया ये फाइटर जेट उनका सबसे दिलचस्प टारगेट था. उन्होंने बताया कि एस-300 ने दो मिसाइलें दागी, जिनमें से पहली ने विमान को क्षतिग्रस्त कर दिया और दूसरी ने पूरी तरह से तबाह कर दिया.
रूसी कमांडर ने कहा, ‘इस ऑपरेशन की तैयारी में हमें काफी समय लगा. हम इस पर नजर रख रहे थे और इसकी संभावना जता रहे थे. दुश्मन का दावा था कि यह फाइटर जेट गिर नहीं सकता है, लेकिन असल में ये भी बाकी विमानों की तरह ही आसमान से गिर जाते हैं. यूक्रेन को अगस्त 2024 में एफ-16 विमान मिलने शुरू हुए और तब से उसने युद्ध में चार विमानों के नुकसान की पुष्टि की है.’
यूरोपीय देशों ने यूक्रेन को कितने F-16 जेट दिए
बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के अनुसार, कीव को आधिकारिक तौर पर अपने यूरोपीय देशों से वादा किए गए 87 एफ-16 फाइटर जेट में से 44 मिल चुके हैं. इससे पहले रूस ने दावा किया कि उसने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर कीव की ओर से किए गए ड्रोन हमले का जवाब ओरेशनिक हाइपरसोनिक मिसाइल के जरिए दे दिया है.
इंटरमीडिएट-रेंज ओरेशनिक एक ऐसी मिसाइल है जिसके बारे में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दावा किया है कि इसे इंटरसेप्ट करना नामुमकिन है क्योंकि इसकी कथित वेलोसिटी आवाज की स्पीड से 10 गुना अधिक है.यह मिसाइल न्यूक्लियर वॉरहेड ले जाने में सक्षम है, हालांकि ऐसा कोई संकेत नहीं था कि रात भर के हमले में इस्तेमाल की गई मिसाइल में वे लगे थे. रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि हमले में यूक्रेन में जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया गया था. रूस ने अटैक ड्रोन और लंबी दूरी के जमीन और समुद्र से मार करने वाले हथियारों का भी इस्तेमाल किया था.