अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी पर बड़ा खुलासा किया है. ट्रंप ने कहा कि उनके पास मादुरो के किसी करीबी अधिकारी से डील करने का मौका था, लेकिन उनकी टीम ने फैसला किया कि बिना मदद के ही हम कार्रवाई करेंगे.
अमेरिका की सेना ने वेनेजुएला की राजधानी काराकास में सैन्य अभियान चलाकर मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ा और दोनों को अमेरिका लेकर गए. इन दोनों पर अमेरिका में नार्को टेररिज्म, कोकेन आयात की साजिश और हथियार रखने जैसे आरोपों में केस दर्ज किया गया है. मादुरो ने न्यूयॉर्क की अदालत में खुद को बेकसूर बताया है. वेनेजुएला की सुप्रीम कोर्ट ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त किया है.
ट्रंप ने बताया वेनेजुएला पर कंट्रोल किसका
डोनाल्ड ट्रंप ने साफ किया कि वेनेजुएला पर अंतिम कंट्रोल उनका है और चुनाव कराना अभी संभव नहीं है, क्योंकि देश को पहले स्थिर करना जरूरी है. ट्रंप ने एनबीसी न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा कि अमेरिका वेनेजुएला से युद्ध नहीं कर रहा, बल्कि ड्रग तस्करी करने वालों से लड़ाई है. उन्होंने साथ ही ये भी चेतावनी दी कि अगर अंतरिम नेतृत्व सहयोग नहीं करता है तो दूसरा सैन्य अभियान चलाया जा सकता है.
वेनेजुएला की जिम्मेदारी ट्रंप ने मार्को रुबियो को सौंपी
व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर ने बताया कि ट्रंप ने विदेश मंत्री मार्को रुबियो को वेनेजुएला में आर्थिक और राजनीतिक सुधारों का नेतृत्व सौंपा है. स्टीफन मिलर ने बताया कि वेनेजुएला की अंतरिम सरकार से पूर्ण सहयोग मिल रहा है, जिससे वेनेजुएला के लोग पहले से कहीं अधिक अमीर होंगे. अमेरिका को भी आर्थिक और सैन्य लाभ मिलेगा.
मार्को रुबियो ने ट्रंप के बयान को लेकर कहा कि अमेरिका रोजमर्रा की सरकार नहीं चलाएगा, बल्कि आर्थिक दबाव और सैन्य धमकी से प्रभाव डालेगा. रुबियो ने जोर दिया कि अंतरिम सरकार के कार्यों से ही फैसला लिया जाएगा और अभी चुनाव की बात जल्दबाजी है. ट्रंप ने वेनेजुएला के विशाल तेल भंडार का जिक्र कर अमेरिकी कंपनियों के निवेश की बात कही है.
ये भी पढ़ें
तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने की इजाजत बरकरार, मद्रास HC ने लगाई DMK सरकार को फटकार