‘वोट चोरी नहीं दिनदहाड़े डकैती हो रही है’, चुनाव आयोग पर RJD सांसद मनोज झा का तंज


राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद मनोज झा ने चुनाव आयोग पर ‘पक्षपात’ करने का आरोप लगाया है. उन्होंने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव के बयानों का समर्थन करते हुए कहा कि राज्य में ‘वोट चोरी’ नहीं, दिनदहाड़े ‘डकैती’ हो रही है.

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान शुक्रवार (18 जुलाई, 2025) को राजद सांसद ने दावा किया, ‘एसआईआर प्रक्रिया के जरिए मतदाता सूची से दलित, पिछड़ा, अति-पिछड़ा, और अल्पसंख्यक समुदायों के वोटर्स के नाम हटाए जा रहे हैं, जिससे उनकी मतदान में भागीदारी प्रभावित हो सकती है.’

उन्होंने कहा, ‘आयोग की तरफ से मांगे गए 11 दस्तावेजों को दे पाना सभी के लिए संभव नहीं है. बिहार से बाहर रहने वाले लोगों को कहा जा रहा है कि 25 दिन के भीतर दस्तावेज दाखिल कराएं. 25 दिन में क्या यह संभव है?’

मनोज झा ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने ‘वोट चोरी’ करने की महज छोटी-सी संज्ञा दी है, लेकिन इसे ‘दिनदहाड़े डकैती’ कहना चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव आयोग को निष्पक्ष होना चाहिए, लेकिन, किसी के इशारे पर आयोग ने अपनी कार्यशैली को पूरी तरह से बदल लिया है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर राजद सांसद ने कहा, ‘चुनावी साल में पीएम का बिहार आना स्वाभाविक है, लेकिन जनता चाहती है कि वह राज्य में बढ़ते अपराधों पर भी बोलें. पटना के एक अस्पताल में खुलेआम गोलीबारी की घटना हुई, जहां पांच लोग बिना चेहरा ढके गोलीबारी कर फरार हो गए.’

राजद सांसद ने ऐसी घटनाओं को रोजमर्रा की समस्या बताया और इसके लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की. उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा, ‘पार्टी गैर-भाजपा शासित राज्यों में अपराध होने पर तुरंत जांच कमेटी भेजती है, लेकिन बिहार के लिए दिल्ली से अब तक कोई कमेटी नहीं आई.’ उन्होंने मांग की कि बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व को बिहार की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए और यहां भी कमेटी गठित करनी चाहिए.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *