सऊदी अरब के बाद बांग्लादेश…. अमेरिका में मुहम्मद यूनुस से मुलाकात करने वाले हैं शहबाज शरीफ, अब कौन सी प्लानिंग चल रही है?


बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस 22 सितंबर को न्यूयॉर्क यात्रा के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात करेंगे. दोनों नेता संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) सत्र में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क जाने वाले हैं, यहां यूएनजीए से इतर दोनों मुलाकात करेंगे. 

बांग्लादेश के प्रमुख बंगाली दैनिक अखबार जुगंतोर की रिपोर्ट के अनुसार, मुहम्मद यूनुस के साथ तीन प्रमुख राजनीतिक दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP), कट्टरपंथी इस्लामी पार्टी जमात-ए-इस्लामी और नेशनल सिटिजंस पार्टी (NCP) के चार सीनियर लीडर्स भी यूएनजीए सत्र में शामिल होंगे.

बांग्लादेश में पिछले साल हुए तख्तापलट के बाद इस्लामाबाद और ढाका के बीच नजदीकियां बढ़ने लगी हैं. ढाका स्थित विदेश सेवा अकादमी में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार तौहीद हुसैन ने ऐलान किया कि 26 सितंबर को मुहम्मद यूनुस सत्र को संबोधित करेंगे.

आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार स्थानीय मीडिया ने तौहीद हुसैन के हवाले से बताया कि मुहम्मद यूनुस यूएनजीए सत्र के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री, फिनलैंड के राष्ट्रपति, नीदरलैंड के प्रधानमंत्री, संयुक्त राष्ट्र महासचिव और म्यांमार के लिए महासचिव के विशेष दूत के साथ भी बैठक करेंगे.

बांग्लादेश में युद्ध अपराधों के मुकदमों और व्यापक क्षेत्रीय राजनीति जैसे मुद्दों की वजह से शेख हसीना के 15 साल के शासन में ढाका और इस्लामाबाद के बीच संबंध तनावपूर्ण रहे. बांग्लादेश-पाकिस्तान संबंधों में प्रमुख मुद्दों में हमेशा 1971 के मुक्ति संग्राम के दौरान हुए नरसंहार में पाकिस्तान की भूमिका, फंसे हुए संसाधनों की वापसी और मुआवजा शामिल रहे हैं. हालांकि, अगस्त 2024 में मुहम्मग यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के गठन के बाद से हालात काफी बदल गए हैं.

पिछले महीने, पाकिस्तान के डिप्टी पीएम और विदेश मंत्री इशाक डार ने ढाका की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा की थी, जो 13 सालों में किसी भी पाकिस्तानी अधिकारी की बांग्लादेश की पहली राज्य-स्तरीय यात्रा थी. इस बैठक के दौरान, इशाक डार ने दावा किया था कि 1971 के नरसंहार को लेकर लंबे समय से चले आ रहे मुद्दे को पहले भी दो बार सुलझाया जा चुका है. हालांकि उनके इस दावे का ढाका ने तुरंत खंडन कर दिया था.

विदेश मामलों के सलाहकार तौहीद हुसैन संग बैठक के बाद, डार ने दावा किया कि प्रमुख बांग्लादेशी मीडिया आउटलेट, प्रोथोम आलो के अनुसार, इस्लामाबाद और ढाका के बीच तीन अनसुलझे मुद्दे, जिनमें 1971 के नरसंहार पर माफी मांगने की लंबे समय से चली आ रही मांग भी शामिल है, पहले भी दो बार सुलझाए जा चुके हैं. हालांकि, पाकिस्तानी विदेश मंत्री के दावों को खारिज करते हुए, हुसैन ने संवाददाताओं से कहा, ‘मैं बिल्कुल सहमत नहीं हूं. अगर हम सहमत होते, तो समस्या का समाधान हो गया होता.’ पिछले साल, यूनुस ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शरीफ से मुलाकात की थी, जहां दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की थी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *