‘सब कुछ तबाह कर देंगे और तेल पर करेंगे कब्जा’, डोनाल्ड ट्रंप ने बताया ईरान के साथ कब होगी डील फाइनल


अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार (5 अप्रैल 2026) को एक बार फिर ईरान को धमकी दी है. उन्होंने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज नहीं खोले जाने पर अमेरिका ईरान के पावर प्लांट पर हमला करेगा. इस रास्ते से दुनिया का 20 फीसदी तेल गुजरता है. ट्रंप ने ईरान को ये रास्ता पूरी तरह खोलने के लिए 10 दिनों का अल्टीमेटम दिया था, जो अब खत्म होने वाला है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को सोमवार (6 अप्रैल 2026) तक डील फाइनल करने की चेतावनी दी नहीं तो 7 अप्रैल से तबाही मचाने की चेतावनी दी.

ट्रंप ने ईरान में तबाही की चेतावनी दी

डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल ट्रूथ पर चिरपरिचित अंदाज में कहा कि मंगलवार (7 अप्रैल 2026) को ईरान में पावर प्लांट डे और ब्रिज डे होगा. ये साफ तौर पर ईरान के पावर प्लांट और पुलों पर हमले की धमकी है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि वार्ता में शामिल ईरानी वार्ताकारों को सीमित माफी दी गई है. उन्होंने एक चौंकाने वाला दावा भी किया कि अमेरिका ने पहले ईरानी प्रदर्शनकारियों के लिए हथियार कुर्द के जरिए से भेजे थे. ट्रंप ने कहा कि उनका मानना ​​है कि कुर्द समूहों ने हथियार अपने पास रख लिए होंगे.

तेल पर करेंगे कब्जा: डोनाल्ड ट्रंप

फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, ‘मुझे लगता है कि 6 अप्रैल को समझौता होने की अच्छी संभावना है, वे अभी बातचीत कर रहे हैं. अगर वे जल्द समझौता नहीं करते हैं तो मैं सब कुछ उड़ा देने और तेल पर कब्जा करने पर विचार कर रहा हूं.’

ट्रंप ने एक बार फिर ईरान से रेस्क्यू किए गए अमेरिकी एयरफोर्स के अधिकारी के बारे में बताया. उन्होंने कहा, यह अधिकारी एक सम्मानित कर्नल हैं और उन्हें ऐसे समय में बचाया गया जब ईरानी सेना बड़ी संख्या में उनकी तलाश कर रही थी और करीब पहुंच रही थी. ट्रंप के मुताबिक, इस तरह के अभियान काफी जोखिम भरे होते हैं और आमतौर पर कम ही किए जाते हैं.उन्होंने बताया कि रेस्क्यू टीम ने खतरनाक इलाके में सात घंटे बिताए.

ईरान के ऊपर चला 7 घंटे तक ऑपरेशन: ट्रंप

उन्होंने कहा, ‘दूसरा रेस्क्यू मिशन पहले के बाद चलाया गया, जिसमें पायलट को दिन के उजाले में बचाया गया और इसके लिए सात घंटे तक ईरान के ऊपर ऑपरेशन चला. ट्रंप ने कहा कि वह इस विषय पर सोमवार (6 अप्रैल 2026) को ओवल ऑफिस में सेना के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इस बीच इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने भी उनके इस हिम्मत और जज्बे की सराहना की है.

ये भी पढ़ें : ‘पागलो! होर्मुज खोल दो, नहीं तो नरक में जाओगे’, अल्टीमेटम के बाद ईरान पर फिर भड़के डोनाल्ड ट्रंप



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *