सिडनी में बाप-बेटे ने मिलकर किया आतंकी हमला, अब तक 16 की मौत, जानें चश्मदीद ने क्या बताया


ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स राज्य के सिडनी में हुई गोलीबारी में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है. सिडनी के बोंडी बीच तट पर रविवार (14 दिसंबर) को हनुक्का समारोह का आयोजन किया जा रहा था. इस दौरान शाम को दो हमलावरों ने गोलीबारी शुरू कर दी. एपी की रिपोर्ट के मुताबिक इस आतंकी घटना को अंजाम देने वाले बाप और बेटे हैं, जिनमें एक की मौके पर ही मौत हो गई.

इस हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति भी गरमा गई है. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज की सरकार पर यहूदी विरोध को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है. नेतन्याहू ने कहा कि फिलिस्तीनी राज्य को मान्यता जैसे फैसले यहूदी-विरोधी भावना को भड़काते हैं और वैश्विक यहूदी विरोध के खिलाफ सख्त रुख अपनाना जरूरी है. ऑस्ट्रेलिया में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और मामले की आतंकी एंगल से व्यापक जांच जारी है.

बाप-बेटे ने मिलकर यहूदियों को बनाया निशाना

ऑस्ट्रेलियाई जांच एजेंसियों ने आरोपी के बैकग्राउंड की जांच को शुरू कर दिया है. शूटिंग में शामिल हमलावर की पहचान पिता-पुत्र के तौर पर हुई है. 50 वर्षीय पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 24 वर्षीय बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया. वह पुलिस की हिरासत में भी है. यह हमला यहूदी पर्व हनुक्का के आयोजन को निशाना बनाकर किया गया, जिसमें 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 42 लोग घायल हुए हैं.

सिडनी में हुई गोलीबारी पर चश्मदीद ने क्या बताया

सिडनी अटैक का पाकिस्तान कनेक्शन सामने आया है. ऑस्ट्रेलिया की जांच एजेंसियां इसको लेकर भी काफी गंभीर हैं. अहम बात यह भी है कि हमले में शामिल पिता-पुत्र की पहचान पाकिस्तानी मूल के रूप में हुई है. बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक एक चश्मदीद मार्कोस कार्वालो ने कहा, ‘गोलियों की आवाज पटाखों जैसी लग रही थी. मैं सपने में भी नहीं सोच सकता कि बोंडी में भी गोलीबारी हो सकती है. मैं गोलियों की आवाज सुनाकर भागने लगा.’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *