पाकिस्तान में तेल संकट को लेकर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इंधर भत्ते में कटौती करने का ऐलान किया है. राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरा क्षेत्र संघर्ष की चपेट में है और हम इससे निपटने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकारी दफ्तर हफ्ते में 4 दिन ही खुलेंगे और 50 फीसदी कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम करेंगे. हालांकि यह निर्णय बैंकों पर लागू नहीं होगा. इसके अलावा दो हफ्ते के लिए स्कूल बंद करने का ऐलान किया गया है.
पाकिस्तानी पीएम ने कहा, ‘अमेरिका इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग के कारण पैदा हुए वैश्विक ईंधन संकट से निपटने के लिए ये निर्णय जरूरी थे. पूरा क्षेत्र संघर्ष की चपेट में है और हम इस संकट को कम करने के लिए राजनीतिक कोशिश कर रहे हैं.’ प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान की पश्चिमी सीमाओं (अफगानिस्तान बॉर्डर) पर मौजूद सुरक्षा चुनौतियों पर जिक्र करते हुए कहा, ‘देश आतंकवाद का सामना करना रहा है. हमारी सशस्त्र सेनाएं स्थिति से प्रभावी ढंग से निपट रही है.’
मिडिल ईस्ट की जंग में फंसा पाकिस्तान
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का गुणगान करने वाले शहबाज शरीफ मिडिल ईस्ट की जंग में बुरी तरह फंस गए हैं. इस समय उन्हें न ईरान और खाड़ी देशों में से कोई भी भाव नहीं दे रहा है इसके बावजूद शहबाज शरीफ बयान देकर सुर्खियों में रहना चाह रहे हैं. अपनी जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘मैंने मित्र देशों के नेताओं के साथ इस युद्ध पर चर्चा की और उन्हें आश्वस्त किया है कि पाकिस्तान इस कठिन समय में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है. मैंने मित्र खाड़ी देशों पर हुए जवाबी हमलों की निंदा की.’
सरकारी वाहनों में ईंधन की कटौती
उन्होंने कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत अचानक लगभग 60 डॉलर से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल से अधिक हो गई है. पाकिस्तान खाड़ी देश से आने वाली तेल और गैस की आपूर्ति पर बहुत अधिक निर्भर करता है. सरकार ने स्थिति को संभालने और ऊर्जा संकट के प्रभाव को कम करने के लिए कठोर निर्णय लिए हैं. देश में ईंधन की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी एक कठिन निर्णय था. सरकार अगले दो महीनों के लिए सरकारी विभागों द्वारा उपयोग किए जाने वाले वाहनों के लिए ईंधन आवंटन में 50 फीसदी की कमी करेगी.’
मंत्री नहीं लेंगे वेतन, सांसदों के वेतन में कटौती
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने आगे कहा कि ईंधन की बचत करने में मदद के लिए सभी सरकारी विभागों के 60 फीसदी वाहन दो महीने तक सड़कों से दूर रहेंगे. उन्होंने यह भी घोषणा की है कि सरकार के मंत्री, सलाहकार और विशेष सहायक अगले दो महीनों तक वेतन नहीं लेंगे, जबकि सांसदों को इसी अवधि के दौरान वेतन में 25 फीसदी की कटौती का सामना करना पड़ेगा.
पाकिस्तान में इफ्तार पार्टी पर पूर्ण प्रतिबंध
प्रधानमंत्री ने देश के लिए आवश्यक समझे जाने वाले मामलों को छोड़कर, संघीय और प्रांतीय मंत्रियों, सलाहकारों, विशेष सहायकों और सरकारी अधिकारियों की विदेश यात्राओं पर प्रतिबंध लगाने की भी घोषणा की. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने आधिकारिक डिनर और इफ्तार पार्टियों पर पूर्ण प्रतिबंध की भी घोषणा की, जबकि लागत कम करने के लिए सेमिनार और आधिकारिक कार्यक्रम केवल सरकारी स्थानों पर ही आयोजित किए जाएंगे.