‘हम भारत और इजरायल के रक्षा सहयोग से चिंता में हैं’, पीएम मोदी के इजरायल दौरे से घबराया पाकिस्तान


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इजरायल दौरे से पाकिस्तान चिंता में आ गया है. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार (26 फरवरी, 2026) को कहा है कि वह भारत और इजरायल के बीच रक्षा संबंधों को लेकर चिंतित है. पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने वीकली प्रेस ब्रीफिंग के दौरान भारत और इजरायल के बीच रक्षा संबंधों के विस्तार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के दौरान घोषित समझौतों को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब में यह बात कही.

पाकिस्तान ने ऐसे समय पर यह बयान दिया है, जब प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नई दिल्ली और तेल अवीव रक्षा क्षेत्र में संयुक्त विकास, उत्पादन और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के साथ-साथ एक मुक्त व्यापार समझौते पर काम करेंगे.

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और पीएम मोदी ने बैठक के बाद, कुल 17 समझौतों और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए, जो आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, व्यापार, निवेश, शिक्षा, विनिर्माण, संस्कृति, समुद्री विरासत, कृषि और अन्य क्षेत्रों में गहन सहयोग प्रदान करेंगे.

भारत और इजरायल ने प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के ढांचे के तहत सैन्य उपकरणों के संयुक्त विकास और उत्पादन की दिशा में काम कर अपनी घनिष्ठ रक्षा साझेदारी का और विस्तार करने का भी संकल्प लिया.

विदेश सचिव विक्रम मिसरी के अनुसार, दोनों प्रधानमंत्रियों की बैठक में अमेरिका-ईरान गतिरोध और क्षेत्र के अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई और प्रधानमंत्री मोदी ने संवाद के महत्व में भारत के दृढ़ विश्वास का उल्लेख किया और शांतिपूर्ण समाधान प्राप्त करने की दिशा में, अगर आवश्यक हो, तो समर्थन देने के लिए नई दिल्ली की तत्परता को दोहराया.

प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद से निपटने में भारत और इजरायल के संयुक्त संकल्प के बारे में भी बात की. उन्होंने कहा, ‘भारत और इजरायल इस बात को लेकर पूरी तरह स्पष्ट हैं कि दुनिया में आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं हैं. किसी भी रूप में आतंकवाद को स्वीकार नहीं किया जा सकता है.’ उन्होंने कहा, ‘हम आतंकवाद और उसके समर्थकों का विरोध करने में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं, और हम ऐसा करना जारी रखेंगे.’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *